चांडिल : ईचागढ़ थाना क्षेत्र के सिल्ली रंगामटी पथ पिलिद जंगल के समीप दो अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति को गोली मार कर घायल कर दिया. घटना शनिवार रात करीब नौ बजे की बतायी जा रही है.
इस संबंध में थाना प्रभारी राइतु होनहागा ने बताया कि एक राहगीर को दो अज्ञात अपराधियों ने गोली मार कर जख्मी कर दिया. घायल व्यक्ति की पहचान सोनाहातु थाना क्षेत्र के चोकाहातु गांव निवासी प्रदीप कुमार प्रमाणिक के रूप में की गयी है. प्रदीप अपनी बाइक से से ईचागढ़ के सोड़ो गांव स्थित ससुराल से आ रहा था.
जहां पहले से छिनतई की नियत से घात लगाये दो अपराधियों ने पहले उसे रोकने का प्रयास किया. जब वे इसमें सफल नहीं हो सके, तो सामने से उसके पेट में गोली मार दी. इसके बाद दोनों फरार हो गये. घायल प्रदीप को इलाज के लिए जमशेदपुर भेज दिया गया है.
