घाटशिला : घाटशिला के बिक्रमपुर स्थित बेथनी छात्रावास की तीसरी मंजिल की छत पर 26 जून की रात इरवाइन एडवेंटिस स्कूल के तीसरी का छात्र रामचंद्र गिरी (10) की ईंट से कूच कर हत्या मामले में पुलिस को अबतक कोई ठोस सबूत नहीं मिला है.
पुलिस ने बुधवार को अदालत के आदेश पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के समक्ष इस मामले में 15 संदिग्धों के रक्त का नमूना एमजीएम कॉलेज में लिया. पुलिस संदिग्धों के रक्त का नमूना विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजेगी. पुलिस मामले में हत्यारों के खिलाफ पुख्ता सबूत इकट्ठा कर रही है. पुलिस अदालत के आदेश के बाद संदिग्धों के रक्त का नमूना विधि विज्ञान प्रयोगशाला में डीएनए जांच के लिए भेजेगी.
10 वें दिन भी मामले का खुलासा नहीं
हत्या के 10 वें दिन भी पुलिस छात्र रामचंद्र गिरी हत्याकांड का खुलासा नहीं कर पायी. पुलिस थाना में संदिग्धों से लगातार पूछताछ कर रही है.
संदिग्धों से ग्रामीण एसपी मो अर्सी, एमजीएम थाना के इंस्पेक्टर आमीश हुसैन समेत कई पुलिस कर्मियों ने अभी तक पूछताछ कर चुकी है. घाटशिला पुलिस तो संदिग्धों से कई बार पूछताछ की है.
अभी तक किसी ने अपना मुंह नहीं खोला है. इससे पुलिस की परेशानी बढ़ती जा रही है. पुलिस हत्यारे के खिलाफ अब डीएनए जांच करा कानूनी दस्तावेज जुगाड़ करने में जुटी है, ताकि पुलिस हत्यारे तक पहुंच सके.
छात्र रामचंद्र गिरी हत्याकांड एमजीएम में लिया गया सैंपल
कोर्ट के आदेश पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी भी अस्पताल में थे मौजूद
रामचंद्र गिरी हत्याकांड में 10 वें दिन भी पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा
पुलिस ने ली संदिग्धों की तसवीर
पुलिस संदिग्धों को एमजीएम कॉलेज ले जाने से पूर्व उनकी तसवीर खींची. पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी अनुसंधान समाप्त नहीं हुआ है. जब तक हत्याकांड का खुलासा नहीं होता है. तब तक पुलिस हर बिंदुओं पर जांच करती रहेगी. डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी.
