महिलाओं ने भट्ठी संचालक से मिल कर शराब चुआई और बिक्री बंद करने की चेतावनी दी
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की सरडीहा पंचायत के रूपुषकुंडी गांव में शराब बंदी को लेकर मुखिया समसार मुर्मू की अध्यक्षता में महिलाओं ने रविवार को बैठक की. बैठक में महिलाओं ने कहा कि गांव में अवैध शराब की कई भट्ठियां संचालित हैं. गांव में अधिकांश लोग मजदूर वर्ग के हैं. गृह मालिक शाम होते ही नशे में धुत होकर घर आते हैं और महिलाओं से मारपीट करते हैं. इससे गांव में अशांति फैलती है.
महिलाओं ने बैठक कर गांव में शराब पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया. महिलाओं ने चंदना नायक के नेतृत्व में गांव में अवैध रूप से संचालित शराब भट्टी के संचालकों को शराब चुआई और बिक्री बंद करने की बात कही गयी है. महिलाओं ने कहा है कि अगर शराब बनाते पकड़े गये तो संचालक को अाबकारी विभाग के हवाले किया जायेगा.
साथ ही बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया कि अगर गांव का कोई व्यक्ति नशे में पकड़ा गया या नशे में मारपीट करते पकड़ा जाता है, तो उसे मदन मोहन क्लब भवन में 24 घंटे तक बंधक बना कर रखा जायेगा. इसके बावजूद वे नहीं सुधरते हैं, तो उन्हें पुलिस के हवाले किया जायेगा. बैठक में महिलाओं ने पंचायत के जनप्रतिनिधियों से भी इस अभियान में मदद करने की बात कही. बैठक में कल्पना नायक, दासी नायक, जोसना नायक, मिलन नायक, काजल नायक, उषा नायक, शोभा रानी नायक, सजनी नायक, खिरोबाला नायक, भारती नायक, जयंती नायक, सरस्वती नायक आदि उपस्थित थी.
