घाटशिला : घाटशिला के राजस्टेट में मंगलवार को भोर चार बजे से तीन पंचायतों के मुखिया जल सहिया और जल एवं स्वच्छता विभाग के मिस्त्री राजस्टेट में पानी आपूर्ति की दिशा में प्रयास करते रहे. भोर चार बजे से सुबह आठ बजे तक विभाग का प्रयास जारी रहा. इसके बाद ही कई बस्तियों में पेयजल की आपूर्ति हुई. विभाग के सहायक अभियंता महेंद्र बैठा और कनीय अभियंता रवि शंकर प्रसाद ने मुखिया और जल सहिया के साथ संयुक्त बैठक कर सबसे पहले राजस्टेट में पेयजल आपूर्ति सुचारू करने का निर्णय लिया था.
काफी मशक्कत के बाद राजस्टेट, मुसलिम बस्ती, नमाता पाड़ा के अलावे कई बस्तियों में पेयजल की आपूर्ति हुई. पावड़ा के मुखिया बैजू मुर्मू और गोपालपुर के मुखिया सिदो हांसदा, घाटशिला की मुखिया प्रमीला मानकी के अथक प्रयास से सभी बस्तियों में पेयजल की आपूर्ति हुई. वहीं कई लोगों को पानी नहीं मिला. मिस्त्री ने कहा कि कुछ जगहों पर फॉल्ट है. फॉल्ट को सुधारा जायेगा. ग्रामीणों ने कहा कि राजस्टेट में विद्युत नहीं रहने पर पेयजल की आपूर्ति सही ढंग से होती है. विद्युत रहने पर पेयजल की आपूर्ति कम होती है.
