एमजीएम. आमबेड़ा में एलआरपी के दौरान नक्सली संदेह में युवक को पकड़ने पर हंगामा
गालूडीह: एमजीएम थाना क्षेत्र की बैंको पंचायत स्थित बंगाल सीमा से सटे नक्सल प्रभावित आमबेड़ा गांव में रविवार सुबह में पुलिस नक्सलियों के खिलाफ एलआरपी चला रही थी. इसी दौरान पुलिस ने आमबेड़ा के एक युवक को शक के आधार पर हिरासत में लिया. उक्त युवक उस वक्त तालाब में नहाने के लिए जा रहा था. युवक को पुलिस पकड़ कर साथ में ले जाने लगी. यह देख कर ग्रामीण भड़क गये. नाराज ग्रामीणों ने पुलिस को घेर लिया और कहा कि युवक निर्दोष है. रिहा किया जाय. जरूरत पड़ेगी तो हम लोग युवक को थाना पहुंचा देंगे.
मजदूर है युवक,अपराधी नहीं: ग्रामीण
ग्रामीणों ने कहा कि युवक मजदूरी करता. किसी तरह के अपराधिक गतिविधि में उसकी संलिप्तता नहीं है. जबकि पुलिस नक्सली संलिप्तता के आधार पर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की बात कह कर ले जाना चाह रही थी. ग्रामीणों के उग्र तेवर देख पुलिस ने युवक को रिहा कर दिया और कहा कि जरूरत पड़ेगी तो युवक को थाना लेकर आना होगा. ग्रामीणों ने घटना की जानकारी बैंकों पंचायत के मुखिया दुर्लभ बेसरा को भी दी. सूचना पकर मुखिया भी पहुंचे और पुलिस से बात की एवं नाराज ग्रामीणों को समझा कर शांत कराया. मुखिया ने कहा कि युवक निर्दोष है. मजदूरी कर गुजारा करता है. बिना वजह बताये गांव से किसी को पकड़ कर ले जाने का ग्रामीण विरोध कर रहे थे. बाद में पुलिस ने युवक को इस शर्त पर रिहा किया कि जरूरत पड़ेगी तो थाना लेकर आना होगा.
इसी गांव से नक्सली के आरोप में गिरफ्तार हुआ था सनातन हांसदा
आमबेड़ा गांव से पुलिस ने पिछले दिनों नक्सली होने के आरोप में सनातन हांसदा को गिरफ्तार किया था. पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है. पुलिस ने बताया कि सनातन नक्सली दस्ता में था. पुलिस का दावा है कि इस क्षेत्र में राहुल और सचिन का दस्ता विचरण करता है.
एलआरपी में पुलिस आमबेड़ा गयी थी. नक्सली संलिप्तता के शक पर पुलिस ने एक युवक को पकड़ा था. इसको लेकर ग्रामीणों ने विरोध किया. हंगामा होने पर पुलिस ने युवक को छोड़ दिया. जरूरत पड़ेगी तो पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी.
मो अरसी, ग्रामीण एसपी, पूर्वी सिंहभूम
