तीन घर जलने से तीन लाख का हुआ नुकसान
बेटी की शादी के लिए लाये सामान, चावल, धान, बरतन, कपड़े, बक्शा और नगद बीस हजार भी स्वाहा.
गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र की बाघुड़िया पंचायत स्थित नरसिंहपुर गांव के तेतुलडांगा टोला में बुधवार की दोपहर की जंगल की आग से एक परिवार के तीन भाई के घर स्वाहा हो गये. इससे करीब तीन लाख से अधिक का नुकसान हुआ.
आग से सुसेन सिंह, गंभीर सिंह और भगत सिंह के घर राख हो गये. घर में रखे नगद बीस हजार रुपये, धान, चावल, बरतन, कपड़े, बक्शा समेत सभी सामान जल गये. सीमेंट की कई बोरियां पत्थर बन गयी. सुसेन सिंह की बेटी की शादी बैशाख माह में थी. बेटी की शादी के लिए लाये गये सामान भी जल गये. इस घटना से प्रभावित परिवार सड़क पर आ गये हैं.
आग बुझाने के क्रम में युवक झुलसा
आग बुझाने के क्रम में प्रभावित परिवार का युवक शिवनाथ सिंह बुरी तरह झुलस गया. वह छप्पर पर चढ़ कर आग बुझा रहा था. आग से वह झुलस गया. इलाज के लिए उसे स्थानीय नर्सिंग होम ले जाया गया.
देर से पहुंचा दमकल
ग्रामीणों के अनुसार जंगल में आग लगी थी. हवा से चिंगारी सुसेन सिंह के घर पर गिरी और घर में आग लग गयी. फिर आग ने गंभीर सिंह और भकत सिंह के घर को चपेट में ले लिया.
तीनों के घर फूस, खपरैल और एडवेस्टर के थे. आग लगते ही पूरा गांव सहयोग में उठ खड़ा हुआ. गर्मी में सभी जलाशय सूख गये हैं. एक चापानल से पानी भर- कर ग्रामीण आग बुझा रहे थे. घंटों मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया. करीब डेढ़ घंटे बाद घाटशिला से दमकल पहुंचा और आग पर काबू
पाया गया.
सूचना पाकर मुखिया हुडिंग सोरेन, पंसस साकरो टुडू, सुसेन सिंह, लक्ष्मण सबर समेत अनेक ग्रामीण पहुंचे.पंचायत प्रतिनिधियों ने सीओ से प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है.
