गालूडीह : गालूडीह टूरिस्ट रिसोर्ट परिसर में सोमवार की शाम भाजपा के एक समारोह में घाटशिला प्रखंड प्रमुख, पांच पंचायत समिति सदस्य और एक कांग्रेसी नेता भाजपा में शामिल हो गये. समारोह में मुख्य अतिथि सांसद विद्युत वरण महतो, विशिष्ठ अतिथि विधायक लक्ष्मण टुडू, जिलाध्यक्ष सरोज महापात्र, बीस सूत्री के उपाध्यक्ष दिनेश साव आदि उपस्थित थे. सांसद और विधायक ने सभी का माला पहना कर स्वागत किया.
भाजपा में शामिल होने वालों में प्रमुख हीरामुनी मुर्मू, पावड़ा पंचायत के पंसस माले डे, उत्तरी मऊभंडार की आदुरी दंडपात, उलदा की यमुना गिरी, गोपालपुर के पंसस भास्कर नायक और गोपेश राय शामिल हैं. वहीं कांग्रेस के पूर्व प्रखंड उपाध्यक्ष जतन गिरी भी भाजपा में शामिल हो गये. मौके पर सांसद ने कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है. केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है. जनता का रुझान भाजपा की ओर तेजी से बढ़ रहा है.
पंचायत प्रतिनिधियों का पार्टी में शामिल होना इसे दर्शाता है. विधायक ने कहा कि जिन्होंने पार्टी का दामन थामा है, उन्हें उचित सम्मान मिलेगा. कार्यकर्ता ही पार्टी के नींव हैं. समारोह में पूर्व प्रमुख श्रृुति देवगम, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजाराम महतो, रामजीत मार्डी, हाराधन सिंह, मुचीराम गिरी, ब्रजेश सिंह, विश्वजीत पाडा, अमर दीप शर्मा, चंदन गिरी, दीपेश शर्मा आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे.
