बहरागोड़ा : बहरागोड़ा की पुरनापानी पंचायत में भीषण जल संकट की स्थिति है. पंचायत के गांवों में अधिकांश चापाकल से कम पानी निकल रहा है. कुएं सूख गये हैं. पंचायत के 45 तालाब और बांध में से 39 सूख गये हैं. ग्रामीणों को नहाने और मवेशियों को पानी पिलाने में कठिनाई हो रही है.
इस पंचायत में विभिन्न योजनाओं के कई तालाब बनाये गये थे. अधिकांश नये और पुराने तालाब सूख गये हैं. कई गांवों में चापानल खराब हैं. पानी के लिए हाहाकार मचा है. सर्वाधिक परेशानी पशु पालकों को हो रही है. पंचायत के तिलो, बुढ़ीपुखर, महुलचुई, पुरनापानी, करकट्टा आदि गांवों के तालाब में पानी है. शेष गांवों के तालाब सूख गये हैं. इससे पंचायत के जन प्रतिनिधि और ग्रामीण चिंतित हैं.
