घाटशिला : घाटशिला प्रखंड की चार पंचायतों में शुक्रवार को उप मुखिया का चुनाव संपन्न हुआ. पश्चिम मऊभंडार पंचायत का उप मुखिया चुनाव उत्तरी मऊभंडार पंचायत भवन में सीओ सह निर्वाची पदाधिकारी सत्यवीर रजक की देखरेख में संपन्न हुआ. इस पंचायत से उप मुखिया का चुनाव लड़ने के लिए दो प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया. लक्ष्मी पाठक पश्चिम मऊभंडार से निर्विरोध उप मुखिया चुनी गयीं. सीओ सह निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि राजेश्वरी करूवा का नाम निर्देशन पत्र गलत होने के कारण रद कर दिया गया. इसलिए लक्ष्मी पाठक इस पंचायत से निर्विरोध उप मुखिया चुनी गयीं.
गोपालपुर पंचायत भवन में उप मुखिया का चुनाव प्रभारी बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी पूनम कुजूर की देखरेख में संंपन्न हुआ. चुनाव में पांच पांडव की चंदना महाकुड़ निर्विरोध उप मुखिया चुनी गयीं. बीइइओ सह एआरओ बैधनाथ प्रधान ने बताया कि इस पंचायत से उप मुखिया के लिए चंदना महाकुड़ ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया. इसलिए चंदना पंचायत की निर्विरोध उप मुखिया निर्वाचित हुईं. मौके पर मुखिया सिदो हांसदा, पंचायत समिति सदस्य भास्कर नायक, वार्ड मेंबरों में पिंकी सुंडी, काजल चौधरी, सबीता कुमारी आदि उपस्थित थे.
चंपावती उप मुखिया निर्वाचित. घाटशिला प्रखंड परिसर स्थित धर्मबहाल पंचायत मंडप में प्रभारी बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी पूनम कुजूर की देखरेख में उप मुखिया का चुनाव संपन्न हुआ. चुनाव में उप मुखिया पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया.
चंपावती मुर्मू को छह, बीणा पानी गिरी को तीन और सुफल पाल को दो मत मिले.निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि चंपावती मुर्मू तीन वोट से धर्मबहाल पंचायत की उप मुखिया निर्वाचित हुईं.
