मुसाबनी : बुधवार को धोबनी पंचायत के नेतरा के डुंगरीचोट टोला में बुधू सबर (38) की उचित इलाज के अभाव में मौत हो गयी. परिवार वालों के अनुसार बुधू सबर ब्रेन मलेरिया तथा जोंडिस से पीडि़त था.
आर्थिक तंगी एवं अज्ञानता के कारण पत्नी फूलबनी सबर उसका इलाज झोला छाप चिकित्सकों से करा रही थी. बुधवार सुबह उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी और बुधू सबर की मौत उसके घर पर ही हो गयी. बुधू सबर की बीमारी से हुई मौत से उसकी पत्नी तथा बच्चों के समक्ष परेशानी उत्पन्न हो गयी है. मृतक बुधू सबर ही परिवार में कमाने वाला था.बुधू सबर जंगल से सूखी लकड़ी लाकर उसे बेच कर परिवार का भरण पोषण करता था. मृतक के चार पुत्र तथा तीन पुत्री है.
