चाकुलिया : कुलिया प्रखंड की बर्डीकानपुर-कालापाथर पंचायत के बर्डीकानपुर और मेरूडुबा गांव के खाद्य सुरक्षा सूची से वंचित सैकड़ों ग्रामीण विभिन्न वाहनों पर सवार होकर शुक्रवार को यहां पहुंचे और जुलूस की शक्ल में अंचल कार्यालय गये. ग्रामीण हाथों में हस्त लिखित तख्तियां लिए हुए थे.
ग्रामीणों ने सीओ सह प्रभारी एमओ गणेश महतो से मिल कर रोष व्यक्त किया. ग्रामीणों ने कहा कि सरकारी लापरवाही से दर्जनों परिवार राशन पाने से वंचित हो रहे हैं. ग्रामीणों ने मांग की कि सूची से वंचित ग्रामीणों को योजना से जोड़ा जाये. जब तक ग्रामीणों का नाम सूची से नहीं जोड़ा जाता, तब तक अनाज का वितरण नहीं किया जाये.
मौके पर श्री महतो ने ग्रामीणों को अश्वस्त करते हुए कहा कि सूची से वंचित ग्रामीण 31 दिसंबर तक फॉर्म भर कर कार्यालय में जमा करें या बीएलओ को दें. उनका प्रयास रहेगा कि कोई भी व्यक्ति योजना से ना छूटे. हर व्यक्ति को योजना का लाभ मिलेगा. मौके पर सागराम हांसदा, सुनाराम हांसदा, सत्यनाथ मुर्मू, डमन हांसदा, गणेश हांसदा, स्वरूप, आनंद बेसरा, देवेंद्र नाथ हांसदा, बलराम मुर्मू, रानी कर्मकार, अनादी मुर्मू, छीता बास्के, फुटी हेंब्रम, मालती हांसदा समेत सैकड़ों पुरुष व महिलाएं उपस्थित थे.
सूची में जिनके नाम हैं, उन्हें मिलेगा अनाज : सीओ. सीओ ने ग्रामीणों से कहा कि सूची में जिनके नाम हैं, उन्हें अक्तूबर माह का अनाज मिलेगा और जल्द ही नवंबर और दिसंबर माह का भी अनाज दिया जायेगा. उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि सूची से वंचित यह समस्या प्रखंड तक ही नहीं है पूरे झारखंड में यह समस्या है. इसका सुधार जल्द ही किया जायेगा.
