धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ प्रखंड की जुनबनी पंचायत के बगुला गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को बालू उठाव का विरोध किया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना ग्राम सभा के ही बालू घाट की नीलामी की गयी है. ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि जब तक बालू घाट की नीलामी के लिए ग्राम सभा नहीं होती है. तब तक ग्रामीण बालू घाट से बालू का उठाव करने नहीं देंगे.
ग्रामीणों ने की जाहेर थान में बैठक. बगुला गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को जाहेर थान परिसर में ग्राम प्रधान राजा मुर्मू की अध्यक्षता में बैठक की. बैठक में बगुला घाट के संबंध में चर्चा की गयी. बैठक में यह बात सामने आयी कि बालू घाट की नीलामी बगैर सभा के की गयी है.
नीलामी होने की सूचना ग्राम सभा को नहीं है. ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत के हिरणदुकड़ी, बगुला और जुनबनी बालू घाट की नीलामी दिनेश इंटर प्राइजेज को मिला है. दिनेश इंटर प्राइजेज की ओर से राजेश शाह ने दूरभाष पर बताया कि ग्राम सभा व मुखिया सालगे टुडू की अनापत्ति है. दंबग लोग इसके पूर्व बालू उठाव कर बेचते थे. वर्चस्व जमाने और रंगदारी के लिए विरोध जता रहे हैं.
