गालूडीह : जगार की तलाश में घाटशिला प्रखंड से मजदूरों का पलायन बदस्तूर जारी है. पलायन का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है. गुरुवार को गालूडीह थाना क्षेत्र से 14 युवा मजदूर रोजगार के लिए तमिलनाडु पलायन कर गये. इनमें एक कक्षा नौ का छात्र भी शामिल था. सभी गुरुवार दोपहर में सभी युवा गालूडीह पहुंचे थे.
कुछ जरूरी सामानों की खरीदारी करने के बाद स्टेशन चले गये. युवाओं ने बताया कि वे टाटा से ट्रेन द्वारा तमिलनाडु जायेंगे. मजदूरों के साथ बांदवान का एक एजेंट भी था. उसने अपना नाम नहीं बताया. युवा मजदूरों ने बताया कि कुचिया से टेकर से यहां पहुंचे.
पलायन करने वाले मजदूरों में कुचिया, आसनपानी, पोचापानी, दुलूकडीह, द्वारसीनी और झाटीझरना पंचायत के हैं. इनमें बसी राम टुडू भी शामिल था. वह कुचिया उवि में कक्षा नौ में पढ़ता है. स्कूल छोड़ कर रोजगार करने जा रहा है. पूछने पर कहा कि गरीबी के कारण ही रोजगार करने जा रहे हैं. पलायन करने वाले कई युवकों की उम्र 13 से 15 वर्ष की थी.
