मुसाबनी : आइआरएल प्रबंधन ने अपने मजदूरों का नवंबर 2014 का 20 दिनों का बकाया वेतन बैंक खाते में भेज दिया है. यह जानकारी आइआरएल के धर्मेद्र पाठक ने दी है. उन्होंने बताया कि कंपनी ने अपना वादा पूरा किया है.
पिछले दिनों मऊभंडार के निदेशक बंगला में प्रशासन, एचसीएल, आइआरएल प्रबंधन और ग्राम सभा के साथ आयोजित बैठक में प्रबंधन ने नवंबर माह का 1400 मजदूरों का 20 दिनों के वेतन भुगतान 26 जून को वेतन स्टेट बैंक तथा एक्सिस बैंक में मजदूरों के खाते में भेज दिया गया है. इधर क्रशर प्लांट शुक्रवार से चालू होने की संभावना है. आइआरएल प्रबंधन मुसाबनी ने क्रशर प्लांट को चालू करने का नोटिस लगाया है.
सुरदा खदान के चालू होने के बाद उत्पादित अयस्क की ढुलाई शुरू होते ही क्रशर प्लांट को फिर से चालू करने की कवायद शुरू हो गयी है. प्लांट में तीनों शिफ्ट में प्रबंधन ने नोटिस लगाया है. प्लांट शुरू होते ही फिर से एमआइसी का उत्पादन हो जायेगा. इस मुद्दे को लेकर सुरदा खदान के साथ-साथ क्रशर प्लांट पिछले नौ माह से बंद था.
