शादी का माहौल मातम में तब्दील, चीख-पुकार से पूरा गांव सहमा
गालूडीह : गालूडीह के गांजूडीह से बरातियों को लेकर चक्रधरपुर जा रहे पिक अप वैन नंबर (जेएच 05एन/5530) के कांड्रा-कोलाबिरा के बीच पलट जाने से दूल्हा के सहोदर भाई और दो चचेरे भाइयों की मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया.
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनों का शव गांव लाया गया.
इसके बाद तो चीख और पुकार मच गयी. मृतकों के परिजनों के विलाप से सभी की आंखें नम हो गयीं. ग्रामीण पिक अप वैन मालिक और चालक लालटू महतो के खिलाफ आक्रोश प्रकट कर रहे थे. उलदा पंचायत के मुखिया वकील हेंब्रम भी गांव पहुंचे और मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी.
इनकी हुई मौत
दुर्घटना में दुल्हा मनोज कैवर्त के छोटे भाई दुगुल कैवर्त (28),चचेरे भाई लेदा उर्फ मनोज कैवर्त (35) और लाल कैवर्त (36) की मौत हुई है. लेदा की पत्नी पेमला कैवर्त और उसके दो छोटे-छोटे बच्चों का हाल बेहाल था. लाल कैवर्त की पत्नी और दो बच्चे सदमे में हैं. दुगूल कैवर्त के पिता शुरू कैवर्त ने कहा कि इस हादसे से जीवन भर उबर नहीं पायेंगे.
