मातमी माहौल में हुई मनोज कैवर्त की शादी

गालूडीह : गाजूडीह के शुरू कैवर्त के बड़े बेटे मनोज कैवर्त की 12 जून को चक्रधरपुर के बड़ाबांबो में शादी थी. धूमधाम से बैंड पार्टी के साथ एक पिकअप वैन पर नाचते-झूमते बाराती चले. कांड्रा-कोबाबिरा के बीच वाहन पलट गया. दूल्हा मनोज कैवर्त के छोटे भाई दुगुल कैवर्त और सगे दो चचेरे भाइयों की मौत […]

गालूडीह : गाजूडीह के शुरू कैवर्त के बड़े बेटे मनोज कैवर्त की 12 जून को चक्रधरपुर के बड़ाबांबो में शादी थी. धूमधाम से बैंड पार्टी के साथ एक पिकअप वैन पर नाचते-झूमते बाराती चले. कांड्रा-कोबाबिरा के बीच वाहन पलट गया. दूल्हा मनोज कैवर्त के छोटे भाई दुगुल कैवर्त और सगे दो चचेरे भाइयों की मौत हो गयी.

शादी की खुशी मातम में बदल गयी. इस मातमी माहौल में भी दूल्हे के पिता शुरू कैवर्त ने हिम्मत नहीं हारी. लड़की पक्ष की मजबूरी का ख्याल करते हुए अपने आंसुओं को पी लिया. यह सोच कर कि शादी हुए बगैर अगर बारात लौट गयी, तो लड़की का क्या होगा? यही सोच कर शुरू कैवर्त ने जवान पुत्र और दो भतीजों की मौत का गम पी लिया. बावजूद भी खुद को काबू में रखा. सामाजिकता के बंधन को टूटने से बचाने के लिए अपने बेटे की शादी की रस्म अदा करवायी. शादी के बाद शनिवार की सुबह दुल्हन लेकर सभी गांव पहुंचे. घर में कोई चहल-पहल नहीं हुई.

भोज की परंपरा तोड़ दी गयी. मातमी सन्नाटे के बीच नयी नवेली दुल्हन घर में गमगीन बैठी रही. तीन भाइयों की मौत से दूल्हा बना मनोज बेहाल था. मां सरस्वती कैवर्त बेटे के गम में पत्थर की बूत बनी थी. और दिन के करीब 4.30 बजे पोस्टमार्टम के बाद तीनों शवों को घर लाया गया, तब मातमी माहौल और गमगीन हो उठा.

बैंड पार्टी के आठ सदस्य घायल

गाजूडीह से बारातियों को लेकर चक्रधरपुर जा रहे पिकअप वैन के पलटने से जोड़सा कालिंदी बस्ती की बैंड पार्टी के 10 में से आठ सदस्य भी घायल हो गये. घायलों में षष्टी कालिंदी की हालत गंभीर है.

टीएमएच में इलाज हो रहा है. चुनू कालिंदी, अधीर कालिंदी, खुदीराम कालिंदी, कार्तिक कालिंदी, दीपंकर कालिंदी, मोगलू कांलिदी आदि घायल हैं. गणोश कालिंदी ही सुबह में लौट कर गांव आया, तो इसकी सूचना दी. षष्टि कालिंदी की पत्नी सिमती कालिंदी से पूछने पर कहा कि क्या हुआ, पता नहीं चल रहा है. बेटा अस्पताल गया है. हम लोग शादी में बाजा बजा कर परिवार चलाते हैं. सभी अपने परिजनों की खबर लेने के लिए बेहाल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >