चाकुलिया : स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी के वाहन को चाकुलिया से धालभूमगढ़ जाने के क्रम में कमारीगोड़ा के ग्रामीणों ने पक्का घाट तालाब के पास तालाब के जीर्णोद्धार कराने की मांग पर घेर लिया.
ग्रामीणों ने पहले से ही मुख्य सड़क पर तालाब में उगे जलकुंभी को सड़क पर डाल रखा था. साथ ही ग्रामीण वहां खड़े थे. सड़क किनारे ग्रामीणों को खड़ा देख मंत्री ने अपने वाहन को रोक दिया.
वाहन ठहरते ही ग्रामीणों ने मंत्री के वाहन को घेर लिया और तालाब को दिखा कर तालाब की जीर्णोद्धार की मांग की. ग्रामीणों ने मंत्री से कहा कि उनके समक्ष नहाने और कपड़ा धोने की समस्या है.
तालाब पर वे सभी निर्भर है. तालाब के जीर्णोद्धार की मांग को लेकर कई बार आंदोलन किया, परंतु नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारियों द्वारा सिर्फ आश्वासन दिया गया. कहा जाता है कि तालाब के जीर्णोद्धार के लिए प्राक्कलन भेज दिया गया है, परंतु आज तक जीर्णोद्धार कार्य शुरू नहीं हुआ.
ग्रामीणों ने कहा कि तालाब में जल कुंभी होने के कारण तालाब का पानी गंदा हो गया है. इसके कारण ग्रामीण तालाब का उपयोग नहीं हो पा रहे हैं. ग्रामीणों की शिकायत पर मंत्री श्री चंद्रवंशी ने नगर पंचायत कर्मी को आदेश दिया कि तालाब के जीर्णोद्धार की प्रक्रिया जल्द शुरू करें.
