जादूगोड़ा : जादूगोड़ा क्षेत्र में मंगलवार को दोपहर लगभग 12:35 बजे भूकंप के झटके महसूस किये गये. कंपन से घर के बर्तन गिरने और बेड हिलने लगे. भय वश लोग अपने घरों से बाहर निकल कर भागे.
झटके के कारण कई लोगों के घर की दीवारों में दरार पड़ गई है. नवरंग मार्केट निवासी रोशन सिंह के घर में कई जगह पर दरारे पड़ गयी है. उनके घर वालों ने बताया कि जिस वक्त भूकंप आया, वे घर में आराम कर रहे थे. अचानक हिलने लगा. कुछ बर्तन खड़क कर गिर गये. इसके बाद सभी भागते हुए घर से बाहर निकल गये. बाद में जब घर के अंदर घुसे तो दीवारों पर कई जगह दरार पड़ी हुई दिखी.
12.48 व 1.12 बजे आया झटका, मकान क्षतिग्रस्त
पोटका : पोटका व इसके आसपास के इलाके में दोपहर 12.48 व 1.12 बजे दो बार भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया. इस दौरान कालिकापुर में शंकर दत्ता के दो तल्ला भवन में दरार आ गयी. भूकंप के दौरान लोग घरों से बाहर निकल आये. इधर शंकर दत्ता के घर क्षतिग्रस्त होने के कारण घर वाले डरे हुए हैं. वहीं आसपास के लोगों को भी इससे भय समा गया है.
जानकारों ने बताया कि नेपाल में आये तेज भूकंप के कारण इसका असर झारखंड समेत कई राज्यों में देखा गया है. भूकंप के दौरान लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है.
