East Singhbhum News : पर्यटन के मानचित्र पर चमकेगा चाकुलिया पर्यटकों को मिलेगी वर्ल्ड क्लास सुविधा

विधायक समीर मोहंती ने 130 कॉटेज निर्माण के लिए भूमि पूजन किया

चाकुलिया. चाकुलिया प्रखंड के अमलागोड़ा व पुरनापानी मौजा में स्थित इकोलॉजिकल डायवर्सिटी पार्क को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है. शनिवार को विधायक समीर मोहंती ने पार्क परिसर में सैलानियों के ठहरने के लिए अत्याधुनिक कॉटेज निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया. परियोजना से कुल 130 कॉटेज का निर्माण कराया जायेगा, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 20 करोड़ रुपये है. रेंजर दिग्विजय सिंह ने बताया कि मुख्य पार्क परिसर के साथ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को निखारने के लिए खोड़ीपहाड़ी, कनाईश्वर पहाड़ और गोटाशिला पहाड़ पर कॉटेज बनाये जायेंगे. विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता चाकुलिया को एक प्रमुख पर्यटन हब बनाना है. 183 एकड़ में फैला पार्क बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल सहित आसपास के राज्यों में सबसे बड़ा है. यहां मनोरंजन के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रेस्टोरेंट, स्नैक्स कॉर्नर और रखरखाव के माध्यम से रोजगार के नये अवसर सृजित होंगे.

आधुनिक सुविधाओं से लैस पार्क का उद्घाटन जल्द करेंगे सीएम

वर्ष 2022 से निर्मित पार्क में ओपन जिम, स्विमिंग पूल, नक्षत्र वाटिका, कल्पवृक्ष वन, चंदन वन, शिवकुंड और रोज गार्डन जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं. हालांकि पार्क बनकर तैयार है, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों इसका औपचारिक उद्घाटन होना शेष है. विधायक ने आश्वस्त किया कि जल्द ही उद्घाटन की तिथि तय कर इसे आम जनता के लिए समर्पित कर दिया जायेगा. इसके अतिरिक्त, शांतिनिकेतन पल्ली के समीप 49 लाख रुपये की लागत से एक सामुदायिक भवन का भी शिलान्यास किया गया. कार्यक्रम में प्रमुख धनंजय करुणामय, जिप सदस्य धरित्री महतो और 20 सूत्री अध्यक्ष साहेब राम मांडी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

ATUL PATHAK is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >