अभिषेक, काठीकुंड. बहुउद्देशीय ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत काठीकुंड प्रखंड के विभिन्न गांवों में घर-घर पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है. ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने की यह योजना महत्वपूर्ण है, लेकिन पाइपलाइन बिछाने के लिए काटी गयी सड़कों की समय पर मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गयी है.
कहीं मजबूत ग्रामीण सड़कों को बीचोंबीच काटकर पाइपलाइन बिछायी गयी है, तो कहीं मिट्टी की खुदाई कर रास्तों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. नियमानुसार पाइपलाइन बिछाने के बाद काटी गयी सड़क को पूर्व की स्थिति में दुरुस्त करना और खुदाई से बने गड्ढों को भरकर समतल करना है. बावजूद कई स्थानों पर सड़क बहाली में लापरवाही की स्थिति सामने आ रही है.
मलबे से गड्ढे भरकर छोड़ दिया, बारिश ने बढ़ायी परेशानी
कई जगह खुदाई से निकले मलबे से ही गड्ढे भरकर छोड़ दिये गये हैं. वहीं कुछ स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने के कई सप्ताह और महीने बीत जाने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं हुई है. बारिश के कारण काटे गये हिस्सों में कीचड़ और गड्ढे बन जाने से आवागमन और मुश्किल हो गया है.
ग्रामीणों का कहना है कि जलापूर्ति योजना के लिए सड़क काटना जरूरी है, लेकिन सड़क काटे जाने के बाद उसे पूर्व की स्थिति में वापस लाना भी संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी है. योजना के नाम पर सड़कों को लंबे समय तक खराब स्थिति में छोड़ना उचित नहीं है.
पोस्टऑफिस गली में मलबे से भर दिया गड्ढा
काठीकुंड बाजार. पोस्टऑफिस गली और पुराना स्टेट बैंक गली में सड़क को बीचोंबीच काटकर पाइपलाइन बिछायी गयी. पाइप बिछाने के बाद सड़क को पूर्व की स्थिति में दुरुस्त करने के बजाय खुदाई से निकले मलबे से ही गड्ढे को भर दिया गया.
इससे मजबूत सड़क की जगह उबड़-खाबड़ रास्ता बन गया है. लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है. बारिश के बाद स्थिति और खराब होने की आशंका बनी हुई है.
नयाडीह में चार माह से सड़क बहाली का इंतजार
नयाडीह गांव. यहां पाइपलाइन बिछाने के लिए पीसीसी सड़क काटी गयी है. ग्रामीणों के मुताबिक सड़क काटे करीब चार माह होने को हैं, लेकिन अब तक न तो पाइपलाइन का काम पूरा हुआ और न ही काटी गयी सड़क को दुरुस्त किया गया.
घरों के सामने सड़क कट जाने से ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है. लंबे समय से सड़क की स्थिति जस की तस रहने से लोगों में नाराजगी है.
लखनपुर में 10 दिन बाद भी नहीं बनी सड़क
लखनपुर गांव. पिपरा पंचायत के लखनपुर में भी पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क काटी गयी. ग्रामीणों के अनुसार पाइपलाइन बिछाये 10 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन सड़क को अब तक पूर्व की तरह दुरुस्त नहीं किया गया है.
ग्रामीणों को सड़क बहाल करने का भरोसा दिया गया है, लेकिन काम कब तक पूरा होगा, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है.
फिटकोरिया में 20 दिन से बदहाल सड़क
फिटकोरिया गांव. पिपरा पंचायत के ही फिटकोरिया में सड़क को बीचोंबीच काटकर पाइपलाइन बिछायी गयी है. ग्रामीणों के अनुसार करीब 20 दिन बीतने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं हुई है.
बारिश के कारण काटे गये हिस्से में कीचड़ और गड्ढे बन गये हैं. इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क कब तक पूर्व की स्थिति में लौटेगी, इसकी जानकारी उन्हें नहीं दी गयी है.
सभी प्रभावित सड़कों को कराया जाएगा दुरुस्त : जेई
पीएचईडी के जेई रौनक कुमार ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क काटने या मिट्टी की खुदाई करने के बाद संबंधित स्थान को पूर्व की स्थिति में दुरुस्त करना है. जहां-जहां ऐसी समस्या है, वहां सड़कों की मरम्मत करायी जाएगी.
उन्होंने कहा कि खुदाई के कारण बने गड्ढों को भी भरवाकर समतल कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं हो.
