दुमका: 10 करोड़ की लागत से तैयार हुआ चुटोनाथ पार्क, लोगों के लिए खोला गया

Dumka News: दुमका में चुटोनाथ मंदिर के पास करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार “चुटोनाथ पार्क” अब लोगों के लिए खोल दिया गया है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

दुमका से आनंद जायसवाल की रिपोर्ट 

Dumka News: झारखंड का दुमका जिला अब पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य के मामले में एक नई पहचान बनाने जा रहा है. चुटोनाथ मंदिर के पास तैयार हुआ “चुटोनाथ पार्क” अब आम लोगों के लिए खोल दिया गया है. करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बना यह जैव विविधता पार्क प्रकृति, मनोरंजन और संस्कृति का अनोखा संगम बनकर उभरा है. 

दो साल में तैयार हुआ पार्क 

दुमका वन प्रमंडल द्वारा तैयार किया गया “चुटोनाथ पार्क” जिलेवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है. पहाड़ की तलहटी में लगभग 3.5 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला यह पार्क प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर है. करीब दो वर्षों में तैयार हुए इस पार्क का उद्घाटन जामा विधानसभा क्षेत्र की विधायक डॉ लुईस मरांडी ने किया. उद्घाटन के बाद पार्क को आम जनता और पर्यटकों के लिए खोल दिया गया. 

बच्चों के लिए खास आकर्षण 

पार्क में बच्चों के लिए विशेष चिल्ड्रन पार्क बनाया गया है. यहां परिवार और बच्चे प्राकृतिक वातावरण के बीच मनोरंजन का आनंद ले सकेंगे. सुंदर तालाब, आकर्षक गजीबो और लाइफ साइज हाथी की मूर्ति पार्क की खूबसूरती को और बढ़ा रहे हैं. यह जगह लोगों के लिए सेल्फी और घूमने का नया पसंदीदा स्पॉट बन सकती है. पार्क में संथाल हूल के वीर नायकों सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव और फूलो-झानो की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं. इनके माध्यम से वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई है. 

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बना ओपन ऑडिटोरियम 

पूरे पार्क में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं, जिससे परिसर हरा-भरा नजर आता है. बच्चों और युवाओं के शैक्षणिक उद्देश्य से कई एफआरपी मॉडल भी लगाए गए हैं. सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए पार्क में ओपन ऑडिटोरियम का निर्माण किया गया है. वहीं आगंतुकों के लिए पीने के पानी, शौचालय और दिव्यांगजन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. दुमका का चुटोनाथ पार्क अब सिर्फ एक पार्क नहीं, बल्कि पर्यटन, पर्यावरण और संस्कृति का नया केंद्र बनकर उभर रहा है. आने वाले दिनों में यह जगह जिले के लोगों और पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनने वाली है. 

यह भी पढ़ें: सरायकेला-खरसावां: कुचाई में करियर काउंसलिंग सह सम्मान कार्यक्रम आयोजित, मैट्रिक और इंटर के टॉपर हुए सम्मानित

यह भी पढ़ें: सरायकेला-खरसावां: कुकड़ू में जंगली हाथी का कहर, घर तोड़ा, इलाके में दहशत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो. झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >