रानीश्वर. आसनबनी स्थित कचहरी भवन के सामने सड़क किनारे संचालित मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र करीब एक सप्ताह से बंद पड़ा है. केंद्र के बंद रहने से जरूरतमंद और गरीब लोगों को पांच रुपये में मिलने वाला भोजन नहीं मिल पा रहा है. केंद्र के आसपास आने-जाने वाले लोगों को भी भोजन के लिए दूसरे विकल्पों पर निर्भर होना पड़ रहा है.
आवंटन नहीं मिलने से बंद हुआ केंद्र
प्रभारी एजीएम विश्वनाथ सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र के संचालन के लिए चावल और अन्य आवश्यक सामग्री का आवंटन प्राप्त नहीं हुआ है. इसी कारण करीब एक सप्ताह से केंद्र का संचालन बंद है.
उन्होंने बताया कि आपूर्ति विभाग की ओर से केंद्र के लिए दाल, चावल और सोयाबीन बड़ी उपलब्ध करायी जाती है. आवंटन प्राप्त होते ही मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र को दोबारा शुरू कर दिया जाएगा.
जरूरतमंदों को सस्ते भोजन का इंतजार
मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को कम कीमत पर भोजन उपलब्ध कराना है. ऐसे में केंद्र के लगातार बंद रहने से सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को हो रही है, जो सस्ते भोजन के लिए इस केंद्र पर निर्भर रहते हैं. लोगों ने जल्द से जल्द खाद्य सामग्री का आवंटन उपलब्ध कराकर केंद्र शुरू कराने की मांग की है.
