दुमका. झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा दुमका में आयोजित इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ रविवार को पूर्व क्रिकेटर सह अधिवक्ता विद्यापति झा ने किया. इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव शावर्ण मनोज कुणाल ने उन्हें मेमेंटो भेंट कर सम्मानित किया. अतिथियों ने मैदान की व्यवस्था और जिला क्रिकेट संघ के सकारात्मक प्रयासों की सराहना की. खेले गये पहले मुकाबले में दुमका का सामना बोकारो से हुआ. टॉस जीत कर बोकारो की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया. निर्धारित 50 ओवर में बोकारो ने छह विकेट के नुकसान पर 325 रन का स्कोर खड़ा किया. बोकारो से अविनाश कुमार और आकाशदीप ने 77-77 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि विशाल तिवारी ने 50 रन बनाये. दुमका से गेंदबाजी में रौनक और सौरभ पांडे ने दो-दो विकेट हासिल किया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुमका की टीम 42.3 ओवर में 239 रन पर सिमट गयी. दुमका से वैभव तिवारी ने शतकीय पारी खेलते हुए 108 रन बनाये. प्रशांत कुमार मंडल ने 43 रनों का योगदान दिया. बोकारो की गेंदबाजी में मेहुल राज ने चार विकेट झटके, जबकि अंकित और वृषांक को दो-दो विकेट मिले. अविनाश ने एक विकेट लिया. ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए बोकारो के अविनाश कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, उन्हें जेएससीए के ऑब्जर्वर सोनू कुमार सिंह व कुश्ती संघ के बमबम कुमार ने ट्रॉफी व 5000 रुपये की नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया. मैच के दौरान जिला क्रिकेट संघ दुमका की टीम के साथ अंपायर अभिषेक आनंद व अजीत कुमार, स्कोरर सौमित समंता, एलओ प्रदीप कुमार समेत खेलप्रेमी डॉ तुषार ज्योति और संजीव सिंह भी उपस्थित थे. खिलाड़ियों का उत्साहबर्धन किया. अंत में जिला क्रिकेट संघ के सचिव ने सभी दर्शकों, खिलाड़ियों व अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया. कल का मुकाबला बोकारो व गिरिडीह के बीच खेला जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
