काठीकुंड. राष्ट्रीय छात्र दिवस एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को काठीकुंड नगर इकाई की ओर से उच्च विद्यालय काठीकुंड परिसर में पौधरोपण एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और परिषद कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. जिला संयोजक संजय पाल ने कहा कि परिषद की स्थापना 9 जुलाई 1949 को राष्ट्रहित में छात्र शक्ति को संगठित करने के उद्देश्य से की गयी थी.
संगठन का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक दायित्व और चरित्र निर्माण की भावना विकसित करना है. पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया. छात्र-छात्राओं एवं कार्यकर्ताओं ने पौधों की देखभाल का भी संकल्प लिया. मौके पर नगर मंत्री प्रह्लाद शर्मा, नगर सह मंत्री झूलन मंडल, एसएफएस प्रमुख माम्पू लाहा सहित परिषद के कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
