मांग. डीसी से मिलकर निकाय प्रतिनिधियों ने जन भावनाओं से कराया अवगत, कहा
दुमका : नगर पर्षद अध्यक्ष अमिता रक्षित के नेतृत्व में नगर पर्षद का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा से मिला तथा दुमका नगर पर्षद की समस्याओं तथा उसके निराकरण में आ रही कठिनाइयों के निवारण हेतु झारखंड सरकार के मुख्य सचिव के नाम एक ज्ञापन सौंपा. जिसमें दुमका नगर पर्षद क्षेत्र में बढ़ाये गये होल्डिंग टैक्स के कारण जनता के बीच उपजे असंतोष को प्रमुख रूप से दर्शाया गया है. प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से कहा कि अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा निर्धारित होल्डिंग टैक्स नियमानुसार नहीं है और दुमका के लिए बहुत अधिक है. नगर पर्षद अध्यक्ष ने कहा है कि सार्वजनिक हाट तालाब एवं गैर मजरूआ भूमि का हस्तांतरण स्थानीय निकाय को किया जाना था. मगर अब तक इसे कार्यरूप नहीं दिया जा सका है, जबकि इसकी साफ
सफाई एवं देखरेख की जिम्मेदारी नगर पर्षद को ही है. इसके अलावा अध्यक्ष ने नगर पर्षद का क्षेत्र विस्तार कर इसे नगर निगम बनाने, हिजला जलापूर्ति योजना के जीर्णोद्धार हेतु राशि उपलब्ध कराने, नगर निकाय में अलग-अलग मदों के निमित भेजी गयी राशि को एक मुश्त भेजने आदि की बात कही गयी. प्रतिनिधिमंडल में नगर पर्षद अध्यक्ष अमिता रक्षित के अलावा किशोरेन्द्र कुमार दास, दीपक कुमार स्वर्णकार, कृष्णा देवी, नरेन्द्र प्रसाद साह, तरुण साह आदि मौजूद थे.
