नोडल अफसरों पर शुरू करें कार्रवाई

मुख्यमंत्री जनसंवाद में दर्ज शिकायतों की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री के सचिव सुनील बर्णवाल ने दिये निर्देश रांची : मुख्यमंत्री के सचिव सुनील कुमार बर्णवाल ने हजारीबाग, पलामू और गोड्डा जिले के नोडल पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र में दर्ज शिकायतों के प्रति सजग रहते हुए एक सप्ताह में बेहतर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी […]

मुख्यमंत्री जनसंवाद में दर्ज शिकायतों की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री के सचिव सुनील बर्णवाल ने दिये निर्देश
रांची : मुख्यमंत्री के सचिव सुनील कुमार बर्णवाल ने हजारीबाग, पलामू और गोड्डा जिले के नोडल पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र में दर्ज शिकायतों के प्रति सजग रहते हुए एक सप्ताह में बेहतर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है.
उन्होंने गोड्डा उपायुक्त से पूछा है कि जिले के नोडल पदाधिकारी अरुण कुमार एक्का कब से इस पद पर हैं और वह अपने कार्य के प्रति इतने लापरवाह क्यों हैं? समीक्षा करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करें. श्री बर्णवाल मंगलवार को सूचना भवन सभागार में मुख्यमंत्री जन संवाद केंद्र में दर्ज शिकायतों की समीक्षा कर रहे थे. इस दौरान 17 शिकायतों की समीक्षा की गयी. मौके पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक राजीव लोचन बख्शी समेत अन्य मौजूद थे.
लापुंग अंचलाधिकारियों को चिह्नित कर करें रिपोर्ट : रांची जिले के लापुंग थाना क्षेत्र के लापुंग निवासी सत्यदेव कुमार मिश्रा की नक्सलियों द्वारा हत्या किये जाने के तीन साल बाद भी उनकी पत्नी सोनी कुमारी को मुआवजा और नौकरी नहीं दिये जाने को श्री बर्णवाल ने गंभीरता से लिया. उन्होंने जिले के नोडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि मामले की जांच करते हुए इसके लिए जिम्मेवार लापुंग के पिछले तीन साल तक के सभी अंचलाधिकारियों को चिह्नित करते हुए रिपोर्ट करें ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके.
एक सप्ताह में करें भुगतान : रांची के कुसई कॉलोनी में 15 वर्ष पूर्व क्वार्टर की मरम्मत कराने के बावजूद भवन निर्माण विभाग द्वारा अभी तक भुगतान नहीं किया गया है. इस मामले में श्री बर्णवाल ने कहा कि डेढ़ दशक बाद भी राशि का भुगतान नहीं करना काफी गंभीर है. विभागीय नोडल पदाधिकारी को आदेश दिया कि कार्यपालक अभियंता को शो-कॉज करते हुए एक सप्ताह में भुगतान नहीं करने पर कार्रवाई करें.
सीडीपीओ को शो-कॉज : पलामू जिले के उंटारी रोड स्थित करकटा निवासी सुरेंद्र कुमार कुशवाहा (60 प्रतिशत दिव्यांग) को पेंशन स्वीकृति के छह साल बाद भी पेंशन के लिए भटकना पड़ रहा है.
जिला नोडल पदाधिकारी ने बताया कि सीडीपीओ की लापरवाही के कारण सत्यापित सूची में लाभुक का नाम छूट जाने के कारण पेंशन की राशि नहीं मिल पा रही है. इस पर श्री बर्णवाल ने नोडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सीडीपीओ को शो-कॉज करते हुए उनसे पूछें कि क्यों नहीं उन्हें निलंबित करते हुए कार्रवाई की जाये.
संपुष्टि के लिए विशेष दूत को भेजें बिहार : हजारीबाग जिले के खान परिषद में कनीय अभियंता शिव कुमारी द्वारा जन्मतिथि में हेरफेर कर सरकारी नौकरी प्राप्त करने के मामले में बर्णवाल ने नोडल पदाधिकारी को आदेश दिया कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना से जन्मतिथि, मैट्रिक की संपुष्टि के लिए विशेष दूत को बुधवार को बिहार भेजें अन्यथा स्वयं बिहार जायें. त्वरित कार्रवाई नहीं होने पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
विशेष दूत को भेजें एजी ऑफिस
पलामू जिले के सूसीगंज निवासी सिद्धेश्वर राम की राजस्व कर्मचारी, लातेहार के पद पर रहते कैंसर से मृत्यु हो जाने के बाद भी आश्रित को पेंशन और उपार्जित अवकाश की राशि नहीं दी जा रही है. श्री बर्णवाल ने लातेहार के नोडल पदाधिकारी को आदेश दिया कि शीघ्र विशेष दूत को एजी ऑफिस भेजें और शिकायत का समाधान करें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >