मेला को सफल बनाने को लेकर समिति की बैठक में लिये गये कई महत्वपूर्ण निर्णय
दुमका : राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव 2017 के सफल आयोजन हेतु सांस्कृतिक एवं उदघाटन सह समापन समिति की बैठक रविवार को उपाध्यक्ष सह उप निदेशक जनसंपर्क अजय नाथ झा की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. जिसमें मुख्य संयोजिका अमिता रक्षित ने कहा कि हिजला मेला न सिर्फ झारखंड में बल्कि देश के मानचित्र में भी अपनी एक अलग पहचान रखता है. कहा कि मेला का आयोजन इस प्रकार हो कि लोग इसकी चर्चा करें तथा इसे याद रखें. देवघर कॉलेज की प्राचार्या एवं पूर्व प्रतिकुलपति डाॅ प्रमोदिनी हांसदा ने कहा कि हिजला मेला को सफल बनाने के लिए हमें समन्वय, समर्पण और सहयोग की भावना से कार्य करने की जरूरत है.
इधर मुख्य संयोजिका जॉयेस बेसरा एवं अमिता रक्षित के नेतृत्व में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम चयन समिति का गठन किया गया है. मेरीनिला मरांडी, एमानुएल सोरेन, अनिल मरांडी, गौरकांत झा, सुस्मिता सोरेन, पीटर हेम्ब्रम इस समिति के अन्य सदस्य होंगे. बैठक में निर्णय लिया गया कि सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा मद्य निषेध एवं पर्यावरण सुरक्षा से संबंधित जागरूकता हेतु पोस्टर एवं बैनर लगाये जायेंगे. कार्यक्रम में दुमका तथा संताल परगना से आने वाले कलादलों को सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रदर्शन में प्राथमिकता दी जायेगी, जिससे अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके.
उदघाटन और समापन समारोह समिति के लिए सिंहासिनी कुमारी, मेरीनिला मरांडी, स्मिता आनन्द, सुमिता सिंह, सोनाली चटर्जी, नीतू भारती, अंजुला मुर्मू को दायित्व सौंपा गया. परिचर्चा प्रतियोगिता समिति में प्रो हनीफ, मनोज घोष, अशोक सिंह, अंजनी शरण, सौरभ सिन्हा, अंकित कुमार, ईश्वर मरांडी, कुणाल झा एवं डाॅ अजय शुक्ला रहेंगे. बैठक में उप निदेशक जनसम्पर्क अजय नाथ झा, जिला कल्याण पदाधिकारी अशोक कुमार सिन्हा के अलावा नगर पर्षद अध्यक्षा अमिता रक्षित, गौर कान्त झा, डॉ प्रमोदिनी हांसदा, डा ए एम सोरेन, अनिल मरांडी आदि उपस्थित थे.
पर्यावरण संरक्षण को लेकर मेले में लगाया जायेगा पोस्टर व बैनर
