दुमका : उपराजधानी दुमका में 20.10 करोड़ रुपये की लागत से समाहरणालय भवन लगभग तैयार हो चुका है. जनवरी महीने के ही 25 तारीख को मुख्यमंत्री रघुवर दास इसका उदघाटन कर सकते हैं. इस समाहरणालय भवन को काॅरपोरेट कार्यालय के डिजाइन में तैयार किया गया है. दो साल में बनकर तैयार यह भवन दुमका शहरी क्षेत्र में यह अब तक का सबसे वृहत सरकारी भवन है. जिले के अधिकांश कार्यालय इस संयुक्त भवन में कार्य करेंगे,
जिससे सरकारी कार्यो के निष्पादन में काफी सुविधा होगी. माना जा रहा है कि दुमका के समग्र विकास के लिए यह भवन मील का पत्थर साबित होगा. यह भवन कुल तीन खंडों में विभक्त है. ब्लॉक -ए सेंट्रल ब्लॉक के रुप में जाना जायेगा, जिसमें बेसमेंट के अतिरिक्त तीन फ्लोर का क्षेत्रफल 1516 वर्ग मीटर है. बेसमेंट को स्ट्रांग रूम के रुप में उपयोग में लाया जायेगा. डीसी कार्यालय के अतिरिक्त कोषागार, जिला भविष्य निधि, विडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल, निर्वाचन, कल्याण विभाग व उत्पाद विभाग के कार्यालय इस हिस्से में होंगे.
