शिकारीपाड़ा : मोहुलपहाडी व पोखरिया गांव में ग्रामीणों ने बिजली बिल में अप्रत्याशित बढ़ोतरी के खिलाफ अपनी मांग को लेकर गुरुवार की सुबह छह बजे से दुमका-रामपुरहाट मुख्य पथ को जाम कर दिया. जिससे इस पथ पर दोनों ओर भारी वाहनों के साथ-साथ व्यावसायिक वाहनों की कतार लग गयी. बिजली विभाग के सहायक अभियंता शमशाद आलम,
कनीय अभियंता पोरेश सोरेन आदि द्वारा ग्रामीणों को दी गयी शहरी बिल में सुधार करवाने के लिखित आश्वासन के बाद 2 बजे जाम खुला. ग्रामीणों का कहना था कि वे ग्रामीण क्षेत्र में रहते हैं, लेकिन उनके क्षेत्र में जो टैरिफ लागू किया गया है, वह शहरी क्षेत्र वाला है. ग्रामीणों को समझाने-बुझाने और आंदोलन खत्म कराने के लिए सीओ मोहनलाल मरांडी, बीडीओ अमित बेसरा, थाना प्रभारी अजय कुमार केशरी पहुंचे हुए थे.
