दुमका कोर्ट : नकली सीडी के कारोबार की शिकायत मितलने पर बुधवार को सीडी एवं कैसेट्स बनाने वाली कंपनी टी सीरिज के अधिकारी दुमका पहुंचे और बस स्टैंड के आसपास की दुकानों में स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की, जिसमें बस स्टैंड के शिवा म्यूजिकल मोबाइल शॉप, माइक्रोलिंक मोबाइल शॉप एवं जोहर झारखंड मोबाइल दुकान से पांच सौ से अधिक नकली सीडी, दो लैपटॉप, दो मॉनीटर, सीपीयू, यूपीएस, माउस, स्पीकर, राइटर, की-बोर्ड बरामद किये.
इसके अलावा अश्लील फिल्मों की 14 सीडी भी बरामद की गयी. इस अवैध कारोबार में संलिप्त रहने पर इंदिरा नगर के मो एजाज, मो शहादत हुसैन, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चोरकट्टा के माधव साहा व जामा थाना क्षेत्र के सिमरा के निकु हांसदा को गिरफ्तार किया गया है. जबकि शिव कुमार दास गिरफ्तार नहीं हो पाया है. पुलिस निरीक्षक सह नगर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद चौधरी ने बताया कि पाइरेटेड सीडी के मामले में राइट एक्ट का उल्लंघन है और इसी के तहत मामला भी दर्ज होगा.
लोगो हटाकर पेन ड्राइव व चिप में किया जाता था लोड
इन दुकानों से टी सीरिज के नकली सीडी तैयार किये जाते थे. कंपनी के सीडी पर से व्यावसायिक चिह्न हटाकर उसके गाने को पेन ड्राइव व मेमोरी चिप में लोड कर बेचते थे. टी सीरिज के छापेमार दल में राकेश कुमार पंकज, रवि रंजन पप्पू, जोगेंद्र प्रसाद सिंह और अमरनाथ तिवारी शामिल थे.
