डीसी ने किया हॉस्पीटल का निरीक्षण
दुमका : उपराजधानी दुमका के सदर अस्पताल में गुरुवार को एक दंत चिकित्सक नशे की हालत में मिले. यह स्थिति तब देखने को मिली, जब डीसी राहुल कुमार सिन्हा खुद 300 बेडवाले अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पंहुचे थे.
वे जब पहुंचे, तब अस्पताल में पदस्थापित दो में से एक भी दंत चिकित्सक मौजूद नहीं थे. दांत के इलाज के लिए कई मरीज पहुंचे हुए थे. डीसी को अस्पताल उपाधीक्षक डा दिलीप केशरी ने बताया कि एक चिकित्सक अवकाश पर हैं और दूसरे चिकित्सक डा शुभनारायण ने अवकाश की कोई सूचना नहीं दी है.
उसके बाद डीसी ने उन्हें फोन कर तुरंत बुलाने का आदेश दिया. लगभग आधे घंटे के बाद वे अस्पताल पहुंचे तब डॉ शुभनारायण ने जेल के बंदियों को देखकर आने की बात कही. डीसी के सवालों का जब वे जवाब दे रहे थे, तब उनके मुंह से शराब की बदबू आ रही थी. वे ठीक से खड़े तक नहीं हो पा रहे थे. उनका पहनावा तक भी डाक्टर की तरह नहीं था. डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने उक्त चिकित्सक को कड़ी फटकार लगाते हुए सिविल सर्जन डा योगेंद्र महतो को
डा शुभ नारायण का ब्लड सैंपल लेकर अल्कोहल की जांच करते हुए सूचित करने का आदेश दिया. साथ ही विलंब से आने एवं अल्कोहल पाये जाने की स्थिति में कड़ा स्पष्टीकरण पूछने का आदेश दिया.
” निरीक्षण के वक्त उक्त डॉक्टर अस्पताल में नहीं थे, जब वे सामने पहुंचे, तब डीसी साहब ने फटकार लगायी. ब्ल्ड सैंपल जांच कराने को लेकर वैसा हमें किसी तरह आदेश नहीं मिला है”- डॉ योगेंद्र महतो, सिविल सर्जन
