दुमका कोर्ट : शहर के दुधानी स्थित टावर चौक के पास ट्यूशन जाने के लिए निकली 16 वर्षीय छात्रा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. उक्त छात्रा मंजू सोरेन एएन कालेज में इंटर की प्रथम वर्ष की छात्रा थी. गुरुवार की शाम वह महुआडंगाल से कुम्हारपाड़ा स्थित एक ट्यूशन जाने के लिए घर से निकली थी, इसी क्रम में वह दुधानी के टावर चौक के पास एक हाईवा की चपेट में आ गई.
गंभीर रूप से घायल छात्रा मंजू को स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में सदर अस्पताल में ईलाज के लिए ले जाने लगे, तो रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. मंजू मूल रूप से शिकारीपाड़ा के सरैता भिलाई गांव की रहने वाली थी, लेकिन वह यहां महुआडंगाल में रह कर पढ़ाई करती थी. घटना को अंजाम देकर हाईवा चालक गाड़ी छोड़कर भाग खड़ा हुआ. घटना की सूचना पाकर नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर थाना ले आयी.
