सरैयाहाट थाना क्षेत्र के कर्णपुरा गांव की घटना
हत्या के बाद लाश छुपाने की कोशिश, मामला दर्ज
सरैयाहाट : मजदूरी के रुपये की मांग करने पर सरैयाहाट थाना क्षेत्र के कर्णपुरा गांव में 23 वर्षीय युवक छोटू यादव की निर्मम हत्या कर दी गयी तथा लाश को छुपाने की नियत से गले में रस्सी बांध कुएं में लटका दिया गया.
इस संबंध में पुलिस ने मृतक के भाई मनराज यादव के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है साथ ही मृतक के शव को कुएं से निकालकर अंत्यपरीक्षण के लिए दुमका सदर अस्पताल भेज दिया गया है. इस मामले में जोकेला गांव के नीतू यादव, हरेंद्र यादव व तरोन यादव को नामजद अभियुक्त बनाया गया है.
घटना के संबंध में वादी ने कहा कि बुधवार की रात्रि जब वहशौच के लिए घर से बाहर निकला तो उसके छोटे भाई छोटू का वोटर कार्ड व पर्स दिखाई दिया. उसे आश्चर्य इस बात का हुआ कि उसका भाई बीते पांच माह से बंगलोर में मजदूरी करने गया है तो उसका पहचान पत्र व पर्स यहां कैसे आया. वादी ने कहा कि उक्त अभियुक्त यहां के युवकों को मजदूरी कराने के लिए बंगलोर ले जाता है. उसके भाई छोटू को बीते पांच माह पूर्व मजदूरी कराने के लिए बंगलोर ले गया था.
