मसलिया : टोंगरा थाना क्षेत्र के होंजा गांव के एक व्यक्ति रूपधन हेंब्रम को सरकारी राशि हड़पने के मामले में पुलिस ने रविवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया है. रूपधन पंचायत समिति का सदस्य है.
टोंगरा थाना से मिली जानकारी के अनुसार मसलिया प्रखंड कार्यालय से होंजा गांव के चार गरीब लोगों को इंदिरा आवास प्रदान किये जाने की मंजूरी मिली थी. इन लाभुकों को आवास बनवाने के लिए अग्रिम के रूप में तीस-तीस हजार रुपये मिले थे. उसी समय रूपधन हेंब्रम ने चारों लाभुकों को ससमय पर मकान बनवा देने का आश्वासन देकर सारी राशि डकार ली. रूपधन हेंब्रम कुसुमघाटा पंचायत का पंसस रहने की वजह से शिकायत के बावजूद बचता रहा था.
लाभुकों ने रूपधन हेंब्रम को इंदिरा आवास बनवाने के लिए दवाब डालने का प्रयास किया, फिर भी उसने काम नहीं कराया और न ही लिए गये रुपये लौटाये. इधर इंदिरा आवास नहीं बन पाने पर लाभुकों पर सर्टिफिकेट केस किये जाने की बात उठने लगी, तब अंत में चारों लोगों ने बीडीओ मसलिया को लिखित आवेदन दिया, पर बीडीओ ने लाभुकों के आवेदन को इसलिए ठुकरा दिया कि रूपधन हेंब्रम जन प्रतिनिधि था.
लोगों ने की थी शिकायत
बाध्य होकर दुमका में आयोजित मेगा लोक अदालत में पिछले साल लाभुकों ने रूपधन हेंबम के खिलाफ लिखित आवेदन दिया था. लोक अदालत में आवेदन को गंभीरता से लेकर आरोपी रूपधन हेंब्रम के विरुद्ध टोंगरा थाना प्रभारी को सरकारी राशि हड़प कर लेने पर मामला दर्ज करने का आदेश दिया गया था.
उसी समय से रूपधन हेंब्रम फरार चल रहा था. रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर टोंगरा थाना के पुलिस ने रूपधन हेंब्रम को दलाही में गिरफ्तार कर लिया तथा सोमवार को न्यायालय में पेश कर सेंट्रल जेल भेज दिया.
बासुकिनाथ : जरमुंडी थानान्तर्गत बासुकिनाथ-देवघर मुख्य मार्ग पर सोमवार की देर शाम जमुआ-कैरो गांव के समीप यात्रियों से भरी कमांडर यूपी-70/एम1494 एवं मैजिक भेन के जोरदार टक्कर में तीन कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गया.घायल संजय सिंह (53 वर्ष), अंकुर कुमार (15 वर्ष), विजया लक्ष्मी (46 वर्ष) सभी यात्री जिला सिवान के मेहरमा गांव का रहनेवाला बताया गया.
यात्री प्रकाश कुमार ने बताया कि देवघर में पूजा करने के बाद कमांडर जीप में सवार होकर बासुकिनाथ पूजा करने जा रहे थे. सामने से तेज गति में आ रहे मैजिक भेन जीप से टकरा गयी. गंभीर रूप से घायल संजय कुमार का पैर टूट गया.
सूचना मिलने पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची. ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों का बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरमुंडी पहुंचाया. चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए रेफर किया. पुलिस मैजिक को जब्त कर थाना ले आयी.
