दुमका का गांदो बनेगा प्रखंड : सीएम

दुमका : सीएम रघुवर दास ने गांदो में आयोजित कार्यक्रम में संताल हूल के अमर नायकों को याद किया. मुख्यमंत्री ने दुमका के गांदो को प्रखंड का दरजा शीघ्र देने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे विकास को रफ्तार मिलेगी. एक जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि फूट डालो और राज करो […]

दुमका : सीएम रघुवर दास ने गांदो में आयोजित कार्यक्रम में संताल हूल के अमर नायकों को याद किया. मुख्यमंत्री ने दुमका के गांदो को प्रखंड का दरजा शीघ्र देने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे विकास को रफ्तार मिलेगी.
एक जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि फूट डालो और राज करो की राजनीति अब इस राज्य में नहीं चलेगी. उकसा कर तीर चलवाने की राजनीति नहीं, बल्कि विकास की राजनीति होगी. अब इस राज्य में विकास का हूल होगा और सुशासन का उलगुलान होगा. कहा कि जब विकास की गंगा बहेगी, तभी शहीदों की आत्मा को शांति मिलेगी.
सीएम ने कहा कि अब तक उनकी सरकार ने आठ हजार शिक्षकों की बहाली की है. 30 अगस्त तक 18000 शिक्षक बहाल हो जायेंगे. प्राइमरी व मिडिल स्कूलों में मातृभाषा की शिक्षा दिलाने
के लिए संबंधित भाषा के शिक्षक बहाल होंगे. उच्च शिक्षा में भी शिक्षकों की कमी नहीं रहेगी. 15 नवंबर तक उच्च शिक्षा की व्यवस्था भी मजबूत कर ली जायेगी. उन्होंने कहा कि शिक्षा विकास की धुरि है. लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को स्कूल अवश्य भेंजे. कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में एनीमिया-मलेरिया बड़ी चुनौती है. राज्य में 12000 पोषण सखी मानदेय पर बहाल होंगी. हर बीपीएल परिवार को दो-दो मेडिकेटेड मच्छरदानी वितरित किया जायेगा.
सीएम ने कहा कि आजादी के पहले अंग्रेजों ने शोषण किया और फूट डालकर राज किया. आजादी के बाद भी यही होता रहा. झारखंड बनने के बाद झारखंड नामधारी पार्टियों ने भी ऐसा ही किया.
यही वजह है कि संताल परगना विकास से उपेक्षित रही. उन्माद फैलाकर लोगों को ठगने-छलने का काम होता रहा. राज्य को विभाजित करने व अपने वोट बैंक के लिए लोगों को तीर मारने की बात कही जा रही है. उन्होंने कहा कि राजनीति विकास व सुशासन के लिए होनी चाहिए. समारोह में बोरियो विधायक ताला मरांडी, संताल परगना की आयुक्त वीणा श्रीवास्तव, उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा, पुलिस अधीक्षक विपुल शुक्ला, अपर समाहर्ता उदय प्रताप, एसडीओ सुधीर कुमार सहित भाजपा के जिलाध्यक्ष दिनेश दत्ता, उपाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल आदि मौजूद थे.
सरकार जानती है गरीबों के दुख दर्द: पलिवार
समारोह में श्रम एवं नियोजन मंत्री राज पालिवार ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार गरीबों की सरकार है और गरीबों का दु:ख दर्द जानती है. इसलिए सरकार ने महंगाई के अनुसार मजदूरों के न्यूनतम मजदूरी बढ़ाकर 210 रुपये ने का ऐतिहासिक फैसला लिया है.
बेटी होने के नाते समझती हूं गांदो की तकलीफ: लोईस
कार्यक्रम में राज्य की समाज कल्याण मंत्री डॉ लोईस मरांडी ने कहा कि वे गांदो की बेटी और बहन है और इसके दु:ख दर्द से पूरी तरह वाकिफ हैं. इसलिए वे खुद ही मुख्यमंत्री को इन तकलीफों से अवगत कराना चाहती हैं. उन्होंने गांदो के लिए उच्च विद्यालय सिंचाई की सुविधा और प्रखंड का दर्जा आदि कई मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >