दुमका : झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को प्रमंडलीय सचिव महेश्वर राणा के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधीक्षक मसूदी टुडू से मिला.
प्रतिनिधिमंडल ने प्राथमिक शिक्षकों के लंबित प्रोन्नति की समस्या के निवारण के पूर्व स्नातक प्रशिक्षित पद पर नयी नियुक्ति करने पर आपत्ति जतायी. प्रतिनिधिमंडल ने डीएसई श्री टुडू को बताया कि प्रत्येक वर्ष प्रोन्नति देने का प्रावधान है, अभी वर्ष 2011 की वरीयता सूची के आधार पर प्रोन्नति दी गई है.
लेकिन वर्ष 2012 से अद्यतन प्रोन्नति लंबित है. यह भी बताया कि अगर स्नातक प्रशिक्षित पद पर नयी नियुक्ति के पूर्व प्रोन्नति नहीं दी जाती है, तो 10-15 वर्षो से कार्यरत शिक्षक कनीय हो जायेंगे. इस दौरान शिक्षकों ने उन्हें राशि और चावल के अभाव में अक्सर एमडीएम बंद रहने की भी जानकारी दी और इसके लिए ठोस पहल करने की मांग की. प्रतिनिधिमंडलन में प्रधान सचिव सुरेश प्रसाद राउत, अध्यक्ष अगस्टिन हांसदा, संयुक्त सचिव दामोदर प्रसाद साह, सुखु हेंब्रम, बेंजामिन हांसदा शामिल थे.
