जामा थाना के सामने कार-बोलेरो की टक्कर में चार घायल
दुमका/जामा : दुमका जिले में मंगलवार को बेकाबू रफ्तार ने फिर तीन लोगों की जान ले ली. सोमवार को ही हंसडीहा व आसपास के क्षेत्र में चार लोगों की मौत हुई थी. मंगलवार को पहला हादसा दुमका-रामुपरहाट मार्ग पर पत्ताबाड़ी के समीप हुआ. तीखे मोड़ पर सबेरे अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक मोटरसाइकिल सवार युवक संदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया.
उसे स्थानीय लोग मोहलपहाड़ी मसीही अस्पताल ले गये, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. संदीप दुमका में प्राइवेट लॉज चलाया करता था.
इधर, जामा थाना के सामने कार व बोलेरो की टक्कर में कार चला रहे राजा कुमार और उनकी भांजी दिशा की मौत हो गयी, जबकि उसमें राजकुमार के जीजा, बहन समेत कार में सवार 4 लोग घायल हो गये हैं.
इससे पूर्व इस हादसे में दिशा की गंभीर स्थिति देख उसे रेफर कर दिया गया था. बताया जा रहा है कि लाल रंग की मारूति वैगनआर में सवार होकर सभी लोग तारापीठ पूजा-अर्चना के लिए गये थे, जहां से लौटने के क्रम में जामा थाना के सामने एक बोलेरो से टक्कर हो गई. इसमें सवार महिला का हाथ टूट गया है, जबकि एक व्यक्ति का पैर टूट गया है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक तारापीठ से पूजा अर्चना कर लौट रहे सभी व्यक्ति बिहार के बेगूसराय जिले के बरौनी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान देवघर की ओर से पिनरगड़िया (शिकारीपाड़ा) जा रहे बोलेरो से टक्कर हो गई. बोलेरो में सवार सभी व्यक्ति सुरक्षित हैं.
मृतक : राजाकुमार, दिशा कुमारी
घायल : गौरव भारद्वाज, इंदु देवी, दीपा देवी (सभी बरौनी के)
