इसी महीने के अंत तक नेशनल पावर नेटवर्क से जुड़ जायेगा संताल परगना

दुमका : वह दिन अब ज्यादा दूर नहीं है, जब उपराजधानी दुमका सहित पूरे संताल इलाके में 24 घंटे बिजली रहेगी और आप बिजली के उपकरणों का पूरा-पूरा इस्तेमाल कर पायेंगे. न लो वोल्टेज की समस्या रहेगी और न ही विभिन्न फीडरों में लोड शेडिंग की. पावर ट्रांसमिशन लाइन का काम पूरा कर लिए जाने […]

दुमका : वह दिन अब ज्यादा दूर नहीं है, जब उपराजधानी दुमका सहित पूरे संताल इलाके में 24 घंटे बिजली रहेगी और आप बिजली के उपकरणों का पूरा-पूरा इस्तेमाल कर पायेंगे. न लो वोल्टेज की समस्या रहेगी और न ही विभिन्न फीडरों में लोड शेडिंग की. पावर ट्रांसमिशन लाइन का काम पूरा कर लिए जाने के बाद यह दुमका बिजली के मामले में नेशनल नेटवर्क से जुड़ जायेगा और यहां 200 मेगावाट अतिरिक्त बिजली की आपूर्ति हो सकेगी. तब, नेशनल नेटवर्क से जुड़े रहने की वजह से झारखंड राज्य विद्युत बोर्ड अतिरिक्त बिजली भी खरीद सकेगा.
इंटर कनेक्टिविटी की वजह से इसका लाभ मदनपुर-घड़भंगा पावर ग्रिड सब स्टेशन से संताल परगना के दूसरे जिलों को भी मिलेगा और जीरो पावर कट वहां भी रहेगा. इसके लिए मदनपुर-घड़भंगा में 220/132 केवी पावर ग्रिड सब स्टेशन बनाने के अंतिम चरण में है. इस पावर ग्रिड सब स्टेशन का काम पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया संवेदक एजेंसी मेसर्स श्यामा पावर के जरिये करा रही है. ग्रिड के बन जाने पर इसे पश्चिम बंगाल के रूपनारायणपुर स्थित नेशनल पावर ग्रिड से 220 केवी ट्रांसमिशन लाइन से जोड़ा जायेगा.
इस ट्रांसमिशन लाइन के लिए 244 टॉवर गाड़े जाने हैं. इनमें से 220 से अधिक टॉवर गाड़े जा चुके हैं. इन टॉवर में तार खींचने का काम भी चल रहा है. कुछ स्थानों पर वनभूमि तथा किसानों के खेत पड़ जाने के कारण अवरोध पैदा जरूर हुआ है, पर अधिकारी दावा कर रहे हैं कि तेजी से इन स्थानों पर भी काम पूरा करा लिया जायेगा.
अभी 132 केवी मिलती है बिजली
दुमका ही नहीं पूरे संताल परगना को अब तक मूल रूप से 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन से ही बिजली मिला करती है. जिसका मुख्य स्त्रोत एनटीपीसी फरक्का व कहलगांव ही है. दुमका के अलावा पाकुड़, गोड्डा व साहिबगंज तो एनटीपीसी पर निर्भर है, लेकिन देवघर-जामताड़ा को एनटीपीसी के अलावा दूसरे स्त्रोंतों से बिजली मिलती है, पर वह अपर्याप्त रहती है. रूपनारायणपुर ग्रिड से जुड़ जाने के बाद यहां 200 केवी ट्रांसमिशन लाइन से बिजली मिलेगी, तो उसमें पावर लोस भी कम होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >