दुमका : कल्याण मंत्री सह स्थानीय विधायक डॉ लोइस मरांडी ने मंगलवार को सर्किट हाउस में बैठक कर दुमका शहरी क्षेत्र में जलापूर्ति की स्थिति का जायजा लिया. जिसमें मंत्री ने शहरी पेयजलापूर्ति की वर्तमान स्थिति पर असंतोष जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगायी और तत्परता से कार्य करने का निदेश दिया.
उन्होंने कहा कि अगर सात दिनों के भीतर शहरी पेयजलापूर्ति में सुधार नहीं की जाती है, तो संवेदक शिल्पी कंस्ट्रक्शन को अगले भुगतान पर रोक लगा दिये जाने का निर्देश दिया. मंत्री डॉ मरांडी ने संबंधित अधिकारियों को 29 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाने के लिए री-टेंडर सात दिनों के भीतर करने, दुमका बायपास सहित अन्य आर्टीजन वेल को उपयोगी बनाने के लिए अगले सात दिनों के अंदर एक कार्य योजना तैयार करने का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि नगरपालिका क्षेत्र में शेष बचे हुए क्षेत्रों, जहां पाइप लाइन नहीं बिछाया जा सका है.
वहां पाइप लाइन के निर्माण के लिए पेयजल स्वच्छता विभाग को प्रस्ताव एवं प्राक्कलन तैयार कर अगले सात दिनों में नगरपालिका को देने का निदेश दिया. मंत्री ने नगरपालिका पदाधिकारी को आम शहरी लोगों के उपयोगिता से संबंधित योजनाओं के कार्यान्वयन के लिए जल्द से जल्द निविदा निकाले जाने का भी निदेश दिया.
