अब हर महीने ली जायेगी रीडिंग, साथ ही देंगे बिल का प्रिंट
जल्द ही सभी ट्रांसफॉर्मरों में लगाये जायेंगे मोडम
ट्रांसमिशन एवं कॉमर्शियल लॉस घटाने के लिए भी विभाग कर रहा लगातार काम
दुमका : लोगों को नये विद्युत कनेक्शन के लिए अब विभाग के चक्कर नहीं काटने होंगे. विभाग जल्द ही ऑनलाइन आवेदन सेवा की शुरुआत करने जा रहा है. इन आवेदनों पर सात दिनों के अंदर कनीय अभियंता अथवा सहायक अभियंता जांच रिपोर्ट देंगे और 15 वें दिन तक कनेक्शन को लेकर विभाग अनुमति प्रदान कर देगा. विभाग द्वारा मिली जानकारी के अनुसार 17 वें दिन कनेक्शन कर दिया जायेगा. इस व्यवस्था को लागू करने के लिए विद्युत बोर्ड ने 31 मार्च तक की तिथि निर्धारित की है.
त्वरित विद्युत ऊर्जा सुधार पर भी हो रहा काम : झारखंड राज्य विद्युत बोर्ड के दुमका प्रक्षेत्र के सात सब डिवीजन में त्वरित विद्युत ऊर्जा सुधार कार्यक्रम (आरएपीडीआरपी) के तहत सेवाओं में सुधार की कोशिश हो रही है. उप महाप्रबंधक आरके प्रसाद ने बताया कि इस कार्यक्रम से गोड्डा, दुमका, मिहिजाम, पाकुड़, साहिबगंज, मधुपुर एवं देवघर में कंज्यूमर इंडेक्सिंग कराया जायेगा. एचसीएल कंपनी को इसका कार्य सौंपा गया है, जिसके तहत यह कंपनी रीडिंग और बिलिंग का काम एक विशेष डिवाइस के जरिये उपभोक्ता के घर पर पहुंचकर करेंगे.
बंदरजोरी में बनेगा सब स्टेशन : श्री प्रसाद ने बताया कि महुआडंगाल पावर सब स्टेशन से लोड घटाया जायेगा. अभी यही से शहर के अधिकांश हिस्से के अलावे मसलिया, बरमसिया, रानीश्वर पावर सब स्टेशन को भी बिजली की आपूर्ति होती है. ऐसे में फॉल्ट की स्थिति में परेशानी बढ़ जाती है. इसे विभाजित करने के लिए पश्चिमी क्षेत्र में बंदरजोरी के आसपास के इलाके में पावर सब स्टेशन बनाने की योजना है. नोनीहाट, वसंतराय व पाकुड़ के सुदरपहाड़ी में भी ऐसे सब स्टेशन बनाये जायेंगे. सोनारायठाड़ी एवं मालपहाड़ी में सब स्टेशन लगभग बनकर तैयार है.
