कार्रवाई : मसलिया-टोंगरा इलाके में डीएसपी की अगुआई में चला सर्च अभियान
डेढ़ दर्जन रैयतों व अफीम की खेती कराने वालों पर होगी कार्रवाई
रैयतों को चिह्न्ति करने के लिए सीओ व अंचलकर्मी भी पहुंचे थे गांव
मसलिया : अफीम की खेती को लेकर प्रभात खबर में छपी खबर को संज्ञान में लेते हुए रविवार को पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार श्रीवास्तव की अगुआई में एसपी अनूप टी मैथ्यू द्वारा गठित एक टीम ने मसलिया एवं टोंगरा थाना क्षेत्र के कई गांवों में अफीम की फसल को नष्ट किया. बलियाजोर पंचायत के कई गांवों में अफीम की खेती बड़े पैमाने पर हो रही थी. खेतों में दूर-दूर तक अफीम के पौधे लहलहा रहे थे, जिसमें दूर से ही सफेद-सफेद फूल नजर आ रहे थे.
टीम में शामिल जवानों ने केवल बलियाजोर में ही दस एकड़ क्षेत्र में लगी अफीम की फसल को नष्ट किया. डीएसपी अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बलियाजोर, खरना, गोलपुर, मैसामंगुर और आसनसोल जैसे इलाके में अफीम की खेती की सूचना मिली थी. इन स्थानों पर पुलिस को अफीम के पौधे मिले, जिसे नष्ट करवाया गया. यह इलाका पश्चिम बंगाल का कोरिडोर है. जहां से पश्चिम बंगाल आना-जाना बेहद आसान है. अफीम की खेती होने के बाद उसे आसानी से निकालना और फिर उसे ले जाने में धर-पकड़ की गुंजाइश कम देख इस इलाके को पिछले कई सालों से लगातार इस काम के लिए चुना जाता रहा है.
