रामगढ़ : रामगढ़ थाना प्रभारी शैलेंद्र पांडे द्वारा बीती रात बाजार समिति के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल के साथ कथित तौर पर की गयी मारपीट के मामले को लेकर ग्रामीणों और व्यापारियों ने सोमवार को धाने का घेराव किया. बाजार समिति के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल टेंट हाउस का भी व्यापार करता है. अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने बताया कि विधानसभा के दौरान थाना प्रभारी ने पुलिस कैंप लगवाया था, जिसमें टेंट और जेनरेटर भाड़े पर लिया गया था.
इसका भुगतान पुलिस अधीक्षक के यहां से होना था. इसकी अनुशंसा कराने वह थाना में पहुंचे थे. वहां दरोगा ने उससे कमीशन मांगा, विरोध करने पर थाना प्रभारी ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया. घटना की जानकारी पाकर परिजन उग्र हो गये और सोमवार को रामगढ़ बाजार के बीच सड़क में धरने पर बैठ गये और बाजार बंद रखा.
बाद में आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर थानेदार वापस जाओ, रामगढ़ से हटाओ का नारा लगाया. घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी अनिल श्रीवास्तव रामगढ़ पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उन्हें एक लिखित आवेदन एसपी के नाम सौंपा. ग्रामीणों ने डीएसपी से थानेदार के खिलाफ शिकायत की. ग्रामीणों ने रामगढ़ बाजार के लगभग छह व्यवसायियों से करीब 20 हजार रुपये के कपड़े, किराने का सामान आदि उधार पर लेकर रखने की शिकायत डीएसपी से की है. डीएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
