धनबाद से प्रतीक पोपट की रिपोर्ट
Dhanbad News: झारखंड में धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब चांदमारी ग्राउंड के पीछे झाड़ियों में एक युवक का शव बरामद हुआ. युवक की हत्या बेहद बेरहमी से की गई है. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया. मृतक की पहचान दहुहाटांड़ निवासी जितेश रवानी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पत्थर से कुचलकर की गई हत्या
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या पत्थर से सिर कुचलकर की गई है. घटनास्थल से पुलिस ने खून से सना एक बड़ा पत्थर बरामद किया है, जिससे हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव की स्थिति देखकर साफ प्रतीत हो रहा है कि अपराधियों ने बड़ी बेरहमी से हत्या को अंजाम दिया है. युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को झाड़ियों में फेंका गया हो, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
घटनास्थल से बाइक और मोबाइल बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक भी बरामद की है. बताया जा रहा है कि बाइक टुनटुन कुमार नामक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है. इसके अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसे जांच के लिए खंगाला जा रहा है. पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल और बाइक से जुड़े सुराग हत्या की गुत्थी सुलझाने में मदद कर सकते हैं. घटनास्थल से मिले सबूतों को फॉरेंसिक जांच के लिए भी भेजा जा सकता है.
स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार सुबह स्थानीय लोगों ने चांदमारी ग्राउंड के पीछे झाड़ियों में शव पड़ा देखा. इसके बाद तुरंत धनसार थाना पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी. घटनास्थल पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए. लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. इलाके के लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: महागामा में पूर्व विधायक के निजी सहायक पर जानलेवा हमला, सदर अस्पताल में इलाज जारी
हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
धनसार थाना पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है. पुलिस मृतक के परिवार और परिचितों से पूछताछ कर रही है. साथ ही युवक के मोबाइल कॉल डिटेल और हाल की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा. फिलहाल हत्या के सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है.
इसे भी पढ़ें: बेतला नेशनल पार्क में टैंकर से जलापूर्ति शुरू, वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग मुश्तैद
