Dhanbad: गयाजी के ट्रेन मैनेजर दीपक कुमार पासवान (42 वर्ष) की बुधवार की देर रात ड्यूटी के दौरान अप यार्ड में अचानक मौत गई. जिससे रनिंग कर्मचारियों के बीच मातम पसर गया. जानकारी के अनुसार दीपक पासवान को रात 2:15 बजे ड्यूटी का कॉल मिला था. उन्हें गोमो से महाक्रेक नामक मालगाड़ी लेकर गयाजी जाना था. दीपक को जिस मालगाड़ी को लेकर गया जाना था, वह मालगाड़ी अप यार्ड के चार नंबर लाइन पर खड़ी थी. उस मालगाड़ी के चालक दल ने कंटिन्यूटी टेस्ट के लिए ट्रेन मैनेजर दीपक कुमार पासवान से वॉकी टॉकी पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन चालक दल और ट्रेन मैनेजर के बीच संपर्क नहीं हो सका.
ब्रेकयान के पास पड़ा मिला शव
लोको पायलट ने तुरंत मामले की जानकारी स्टेशन मास्टर को दी. इसके बाद स्टेशन मास्टर ने ट्रेन मैनेजर को ढूंढने के लिए एक रेल कर्मचारी को ट्रेन के ब्रेकयान के पास भेजा. ब्रेकयान के पास दीपक कुमार गिरे पड़े थे. रेल चिकित्सक ने जांचो के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पहली नजर में मामला हृदय गति रुकने से मौत होने का बताया जा रहा है. घटना की सूचना पाते ही उनकी पत्नी प्रीति देवी, भाई, सास, ससुर समेत कई परिजन गुरुवार की सुबह गोमो रेल थाना पहुंचे. पत्नी अपने पति का शव देख दहाड़ मार कर रोने लगी.
रोते-रोते बेहोश हो जा रही थी पत्नी
पत्नी शव से लिपटकर रोने के दौरान कई बार बेहोश हो गई. उस दृश्य को देख मौजूद रेलकर्मियों तथा यात्रियों की भी आंखें नम हो गईं. वह अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए है. गार्ड कॉउन्सिल के गोमो शाखा अध्यक्ष प्रमोद कुमार,ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के डीबी दीन समेत कई रनिंग कर्मियों ने शोकाकुल परिवार को ढाढस बंधाया. गोमो रेल पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया. मौके पर हिमांशु कुमार, दिलशाद अहमद, एसके राय एनके गौतम, बैजू पासवान, डीके दास आदि रनिंग कर्मचारी मौजूद थे. कुछ दिन पूर्व हीरोडीह में ट्रेन मैनेजर मनोज कुमार की भी ड्यूटी के दौरान मृत्यु हो गई थी.
ये भी पढ़ें…
Ramgarh: महाअष्टमी जुलूस में जय श्री राम के नारों से गूंजा पतरातू, निकाला गया विशाल जुलूस
