जोड़ापोखर. भूलन बरारी लंका नगरी निवासी भरत कुमार यादव (39) की मलेशिया में हृदय गति रुकने से मौत हो गयी. भरत करीब तीन साल पहले रोजगार के सिलसिले में मलेशिया गया था. उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा है. परिजन अब शव को मलेशिया से वापस लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं. इसके लिए उपायुक्त कार्यालय के माध्यम से आवश्यक कागजी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं.
पांच सितंबर को मिली जानकारी
मृतक के भाई लक्ष्मण यादव के अनुसार, पांच सितंबर को बरारी स्थित हसन जनरल स्टोर में मलेशिया से फोन आया था. इसके बाद सोमवार को परिजनों को भरत की मौत की सूचना मिली. संबंधित नंबर पर संपर्क करने के बाद परिजनों को उसकी मौत हृदय गति रुकने से होने की जानकारी दी गयी. हालांकि, मौत से संबंधित आधिकारिक दस्तावेज या मेडिकल रिपोर्ट की जानकारी फिलहाल परिजनों की ओर से साझा नहीं की गयी है.
शव भारत लाने के लिए प्रक्रिया जारी
परिजनों के अनुसार भरत अविवाहित था और रोजगार के लिए मलेशिया गया था. उसकी मौत के बाद शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. परिवार की ओर से उपायुक्त कार्यालय के माध्यम से आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. मृतक के भाई लक्ष्मण यादव ने झारखंड सरकार से शव को जल्द वापस लाने में सहयोग करने की अपील की है, ताकि परिवार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर सके.
परिवार में पसरा मातम
भरत की मौत की खबर से उसकी मां गिरजा देवी, पिता लटू यादव और भाई परशुराम यादव समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद लंका नगरी में शोक का माहौल है. परिजन शव के भारत पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं.
स्थानीय लोगों ने बताया मिलनसार
स्थानीय लोगों के अनुसार भरत मिलनसार स्वभाव का था और जरूरत पड़ने पर लोगों की मदद करता था. उसकी मौत को लोगों ने परिवार के साथ-साथ बस्ती के लिए भी दुखद घटना बताया. परिजनों ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से शव को जल्द भारत लाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया में सहयोग की मांग की है.
