झरिया की जर्जर सड़क पर लोगों ने रोपा धान, नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन

झरिया की जर्जर सड़कों की हालत इतनी खराब है कि स्थानीय लोगों ने नगर निगम के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने कीचड़ भरी सड़क पर धान रोपकर अपनी नाराजगी जताई. उन्होंने सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है.

धनबाद. झरिया की जर्जर मुख्य सड़क के खिलाफ सोमवार को स्थानीय लोगों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया. आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जमा पानी और कीचड़ के बीच धान रोपकर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि इस पर धान की रोपनी की जा सकती है, लेकिन आवागमन करना मुश्किल हो गया है. लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की.

गड्ढों और जलजमाव से बढ़ी परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले नगर निगम की ओर से बनायी गयी झरिया शहर की मुख्य सड़क अब कई स्थानों पर जर्जर हो चुकी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं और बारिश के बाद उनमें पानी जमा हो जाता है. इसके अलावा सड़क पर गंदगी के कारण भी लोगों को परेशानी होती है. राहगीरों और वाहन चालकों को इन गड्ढों से होकर गुजरना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों ने दावा किया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण बाइक सवारों के गिरने की घटनाएं होती रहती हैं. सब्जी पट्टी क्षेत्र में कई महिलाएं भी गिरकर घायल हो चुकी हैं. प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम से सड़क की स्थिति का स्थल निरीक्षण कर जल्द मरम्मत कराने की मांग की.

हाथों में तख्तियां लेकर की नारेबाजी

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की. इस दौरान नगर निगम मुर्दाबाद, या तो सड़क दुरुस्त करो, नहीं तो नगर निगम से बाहर करो, जर्जर सड़क की मरम्मत करो और धान रोपनी योग्य सड़क पर नगर निगम शर्म करो जैसे नारे लगाये गये.

नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग | Prabhat Khabar Network

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है. बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है. जलजमाव के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है.

पूर्व पार्षद ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी मुख्य सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं के कारण जल्द खराब हो गयी. उन्होंने सड़क निर्माण की निगरानी करने वाले नगर निगम के अभियंताओं पर कार्रवाई करने और संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की. उन्होंने तत्काल जर्जर पिच को मशीन से समतल कराने की भी मांग रखी.

अनूप कुमार साव ने दावा किया कि वर्तमान स्थिति की तुलना में पहले की पीसीसी सड़क बेहतर थी. हालांकि, सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के उनके आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

10 दिनों में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो नगर निगम के खिलाफ झरिया में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जायेगा. लोगों ने कहा कि सड़क की बदहाली से आम लोगों को रोजाना परेशानी हो रही है और समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है.

प्रदर्शन में चेतन मिश्रा, श्रीराम गोराई, झुन्नू गुप्ता, गणेश साव, सूरज भूईया, मनोज साव, अरुण भूईया, संतोष साव, प्रशांत ठाकुर, नरेश साव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Umesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >