पुटकी, बीसीसीएल की मुनीडीह कोल वाशरी में स्लरी लोडिंग के दौरान हुए हादसे में चार दिहाड़ी मजदूरों की मौत के मामले में वाशरी के प्रोजेक्ट ऑफिसर राजेंद्र पासवान ने रविवार को मुनीडीह ओपी में प्राथमिकी दर्ज करायी. इसमें लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए डीओ धारक के अधिकृत प्रतिनिधियों आनंद गोराईं (साबलडीह), पवन कुमार सिन्हा (लालपुर) और सुनील पासवान (जटूडीह) को नामजद बनाया गया है. बताते चलें कि शनिवार शाम हुए हादसे में दिनेश बाउरी, मानिक बाउरी, दीपक बाउरी और हेमलाल गोप उर्फ मोड़ा गोप की मौत हो गयी थी. लोडिंग के दौरान धंसा स्लरी का ढेर प्राथमिकी के अनुसार, दो मई 2026 की शाम करीब 4:45 बजे लेबर व ट्रांसपोर्ट में कार्यरत एक ड्राइवर ने सूचना दी कि चार स्लरी लोडर मजदूर मलबे में दब गये हैं. सूचना मिलते ही पीओ व अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे. जांच में पता चला कि डीओ धारक के अधिकृत व्यक्तियों द्वारा मजदूरों से ट्रक में स्लरी लोडिंग करायी जा रही थी. इसी दौरान स्लरी हिप का बड़ा हिस्सा अचानक खिसक कर मजदूरों पर गिर पड़ा, जिससे चारों की मौके पर ही मौत हो गयी. आरोप है कि घटना के बाद अधिकृत व्यक्तियों ने न तो तत्काल रेस्क्यू कराया और न ही मजदूरों को बचाने का प्रयास किया, बल्कि सभी घटनास्थल से भाग गये. इन धाराओं में मामला दर्ज मुनीडीह ओपी पुलिस ने कांड संख्या-42/2026 पर बीएनएस की धारा 106(1), 105 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. प्राथमिकी में यह भी कहा गया है कि शनिवार सुबह मजदूरों की सुरक्षा के लिए स्लरी हिप को समतल करने के लिए डोजर भेजा गया था, लेकिन अधिकृत व्यक्तियों ने निजी स्वार्थ में उसे वापस कर दिया. इन व्यक्तियों की घोर लापरवाही, सुरक्षा मानकों की अनदेखी व जिम्मेदारी से बचने के कारण यह गंभीर दुर्घटना हुई, जिसमें चार मजदूरों की मृत्यु हो गयी.
Dhanbad News: डीओ धारक के तीन अधिकृत प्रतिनिधियों पर गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज
Dhanbad News: बीसीसीएल की मुनीडीह कोल वाशरी में स्लरी ढहने से चार मजदूरों की मौत का मामला, वाशरी के प्रोजेक्ट ऑफिसर राजेंद्र पासवान ने मुनीडीह ओपी में की शिकायत.
