धनबाद. नगर निगम में पिछले 12 दिनों से राजस्व संग्रह की प्रक्रिया प्रभावित है. नगर विकास विभाग की ओर से आउटसोर्स एजेंसी का एग्रीमेंट समाप्त किये जाने के बाद 25 अगस्त से एजेंसी की आइडी बंद कर दी गयी है. इसका असर संपत्ति कर समेत निगम के विभिन्न राजस्व मदों की वसूली पर पड़ा है. स्थिति यह है कि बड़ी संख्या में करदाता रोजाना टैक्स जमा करने नगर निगम कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन ऑफलाइन भुगतान की व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें बिना टैक्स जमा किये लौटना पड़ रहा है.
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, नयी व्यवस्था के तहत टैक्स वसूली शुरू करने के लिए मुख्यालय की ओर से एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) जारी होने का इंतजार किया जा रहा है. एसओपी जारी होने के बाद निगम अपने स्तर से राजस्व संग्रह की प्रक्रिया शुरू करेगा.
हर माह करीब पांच करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह
धनबाद नगर निगम के लिए राजस्व संग्रह नियमित वित्तीय प्रबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा है. निगम के अनुसार, हर माह करीब पांच करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह होता है. वहीं सफाई व्यवस्था, कर्मचारियों के वेतन और अन्य आवश्यक मदों में भी लगभग पांच करोड़ रुपये प्रतिमाह खर्च होते हैं.
फिलहाल निगम इन खर्चों का वहन उपलब्ध फंड से कर रहा है. हालांकि राजस्व संग्रह लंबे समय तक प्रभावित रहने पर निगम के नियमित वित्तीय प्रबंधन पर दबाव बढ़ने की आशंका है. ऐसे में नयी व्यवस्था जल्द लागू होना निगम के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
ऑनलाइन भुगतान की सुविधा, लेकिन धीमी है रफ्तार
आउटसोर्स एजेंसी की आइडी बंद होने के बावजूद करदाताओं के लिए ऑनलाइन टैक्स भुगतान की सुविधा जारी है. सूडा के पोर्टल के माध्यम से लोग अपना टैक्स ऑनलाइन जमा कर सकते हैं. हालांकि निगम के अनुसार, ऑनलाइन भुगतान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी है.
ऑफलाइन भुगतान के लिए निगम कार्यालय पहुंचने वाले करदाताओं की संख्या भी कम नहीं है. कई लोग ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया से परिचित नहीं होने या अन्य कारणों से कार्यालय पहुंचते हैं. भुगतान की व्यवस्था नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
एसओपी जारी होने के बाद निगम करेगा वसूली
नगर निगम की ओर से नयी व्यवस्था के तहत राजस्व संग्रह की तैयारी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय से एसओपी मिलने के बाद टैक्स वसूली की प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से शुरू किया जायेगा. नगर विकास मंत्री कुमार सुदिव्य सोनू के आकस्मिक निधन के बाद विभागीय स्तर पर एसओपी जारी होने में समय लगने की बात भी सामने आ रही है.
निगम अपने स्तर से करेगा टैक्स वसूली
सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार ने बताया कि आउटसोर्स एजेंसी श्री पब्लिकेशन का एग्रीमेंट समाप्त होने के बाद उसकी आइडी बंद कर दी गयी है. उन्होंने कहा कि अब नगर निगम अपने स्तर से टैक्स वसूली करेगा. इसके लिए मुख्यालय से नयी एसओपी का इंतजार है. एसओपी जारी होते ही टैक्स वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी. उन्होंने करदाताओं से ऑनलाइन टैक्स भुगतान पोर्टल के माध्यम से भुगतान करने की अपील की है.
