Deoghar news : कलाकारों ने पेटिंग के जरिये जलवायु संकट और प्रतिरोध के चित्र उकेरे

मधुपुर के रेलवे बैडमिंटन हॉल में देशज अभिक्रम'' व ''असर'' के तत्वावधान में कला प्रदर्शनी आयोजित की गयी, जिसमें जलवायु संकट, विस्थापन समेत विभिन्न विषयों पर पेटिंग लगायी गयी.

मधुपुर . शहर के स्टेशन रोड स्थित रेलवे बैडमिंटन हॉल में सोमवार को महात्मा गांधी के मधुपुर आगमन के सौ वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर ””देशज अभिक्रम”” व ””असर”” के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष कला प्रदर्शनी आयोजित की गयी. प्रदर्शनी का शीर्षक रखा गया. “रंग, रेखा और प्रतिरोध : जलवायु संकट पर झारखंड की महिला कलाकारों की पेंटिंग्स. प्रदर्शनी में झारखंड की 19 युवा महिला कलाकारों ने अपनी पेंटिंग्स के माध्यम से जलवायु संकट, विस्थापन, बाढ़, सूखा, औद्योगीकरण और पर्यावरणीय अन्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को उजागर कर रंगों के जरिये प्रदर्शित किया. सभी कलाकृतियां डॉ. रामदयाल मुंडा ट्राइबल वेलफेयर रिसर्च इंस्टीट्यूट, रांची में आयोजित “जेंडर और क्लाइमेट चेंज ” विषयक चित्रकला कार्यशाला के दौरान सृजित की गयी हैं. यह पेंटिंग्स यह संदेश देती है कि जलवायु संकट सिर्फ़ पर्यावरणीय चुनौती नहीं, बल्कि सामाजिक, नैतिक और लैंगिक न्याय का भी प्रश्न है. महिलाएं इस संकट की पहली पीड़ित हैं, क्योंकि जब पुरुष पलायन के लिए मजबूर होते हैं, तो घर-परिवार और जल-संकट की जिम्मेदारी उन पर आ जाती है. फिर भी ये महिलाएं केवल पीड़ित नहीं, बल्कि समाधान की वाहक भी है. समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नुक्कड़ नाटक और गीत-संगीत के माध्यम से भी जलवायु न्याय और लैंगिक समानता का संदेश साझा किया गया. रंग, रेखा और प्रतिरोध” केवल चित्रों का संगम नहीं है, बल्कि यह सामूहिक संकल्प है कि स्त्री और प्रकृति की अस्मिता को सुरक्षित किये बिना भविष्य की कोई कल्पना संभव नहीं है. कलाकारों ने बताया कि प्रदर्शनी हमें यह सोचने के लिए प्रेरित करती है कि विकास की अंधी दौड़ में खोया संतुलन कैसे पुनः स्थापित किया जा सकता है. छह से आठ अक्तूबर तक मधुपुर के रेलवे बैडमिंटन हॉल में आयोजित यह प्रदर्शनी आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी. इसका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को इस साझी पुकार को समझने और एक न्यायपूर्ण व टिकाऊ भविष्य के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनने के लिए प्रेरित करना है. प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि सारठ विधायक उदय शंकर सिंह ने किया. मौके पर विशिष्ट अतिथियों में दिल्ली से विजय प्रताप, गोवा से कलानंद मणि, मधुपुर से अरविंद कुमार, घनश्याम, अशोक चौधरी, चित्रकार शेखर, डा. सुमन लता, कल्याणी मीणा, पंकज पीयूष उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BALRAM

BALRAM is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >