वाहनों से मनमाना टॉल टैक्स लेना बर्दाश्त नहीं : नप उपाध्यक्ष

नगर परिषद क्षेत्र में टॉल टैक्स पर अधिक वसूली की शिकायत, जांच की मांग

मधुपुर. नगर परिषद क्षेत्र में प्रतिदिन विभिन्न सामग्रियों को लेकर आने-जाने वाले वाहनों से प्रवेश शुल्क के नाम पर अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत सामने आ रही है. वाहन चालकों का आरोप है कि निर्धारित दरों से ज्यादा शुल्क लिया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. मामले को लेकर नप उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज ने कहा कि नगर परिषद पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनता के हितों की रक्षा के लिए संकल्पित है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि टॉल टैक्स के नाम पर तय दर से एक रुपया भी अधिक लेना गैर-कानूनी है. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से इस पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में आम जनता और वाहन चालकों का शोषण न हो. साथ ही उन्होंने टॉल संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे तुरंत अधिक शुल्क वसूली बंद करें और निर्धारित दरों के अनुसार ही रसीद जारी करें. ऋषभ भारद्वाज ने कहा कि यदि भविष्य में किसी भी टॉल नाके पर अवैध वसूली की शिकायत मिलती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनका लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. उन्होंने एक हालिया घटना का जिक्र करते हुए बताया कि पथरचपटी पेट्रोल पंप के पास एक टॉल नाके पर उन्होंने निरीक्षण किया, जहां एक ट्रक से 180 रुपये वसूले जा रहे थे, जबकि निर्धारित शुल्क 150 रुपये है. इस प्रकार प्रति वाहन 30 रुपये की अतिरिक्त वसूली नियमों का उल्लंघन है. उन्होंने आम लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह की अवैध वसूली होती है, तो उसके प्रमाण उपलब्ध कराएं, ताकि नगर परिषद उचित कार्रवाई कर सके. हालांकि, टॉल संचालकों ने अधिक वसूली के आरोपों से इनकार किया है. हाइलार्ट्स : नगर परिषद क्षेत्र में टॉल टैक्स पर अधिक वसूली की शिकायत, जांच की मांग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BALRAM

BALRAM is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >